बोकारो इस्पात संयंत्र की ‘पिग कास्टिंग मशीन-4’ (पीसीएम-4) का सफलतापूर्वक पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार किया गया है।
- उपलब्ध संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग, उत्पादन क्षमता का बेहतर दोहन तथा संयंत्र के लिए अतिरिक्त वित्तीय लाभ की संभावनाओं को भी बल मिलेगा।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। सेल बोकारो इस्पात संयंत्र ने पिग आयरन उत्पादन क्षमता एवं परिचालन दक्षता को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संयंत्र की ‘पिग कास्टिंग मशीन-4’ (पीसीएम-4) का सफलतापूर्वक पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार किया गया है। नवीनीकृत पीसीएम-4 का उद्घाटन 01 अक्टूबर 2026 को बोकारो इस्पात संयंत्र के निदेशक-प्रभारी प्रिय रंजन द्वारा किया गया। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (संकार्य), संबंधित विभागों के मुख्य महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
पीसीएम-4 के पुनः संचालन से संयंत्र में पिग आयरन के उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि के साथ-साथ उत्पादन प्रक्रिया की परिचालन दक्षता को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। इसके माध्यम से उपलब्ध संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग, उत्पादन क्षमता का बेहतर दोहन तथा संयंत्र के लिए अतिरिक्त वित्तीय लाभ की संभावनाओं को भी बल मिलेगा।
पीसीएम-4 का पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार तकनीकी दृष्टि से एक महत्वपूर्ण एवं चुनौतीपूर्ण कार्य था। इस महत्वपूर्ण कार्य के सफल क्रियान्वयन में रंजन दत्त, जयंत सरकार, निरंजन कुमार सिंह, सौरभ कुमार एवं नरेंद्र वर्मा की विशेष भूमिका रही। इनके साथ संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा ठेका कर्मियों के सामूहिक प्रयासों ने पीसीएम-4 के पुनर्निर्माण एवं पुनः संचालन को संभव बनाया।
नवीनीकृत पीसीएम-4 का संचालन बोकारो इस्पात संयंत्र की उत्पादन क्षमता को सुदृढ़ करने, संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा परिचालन उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
