महिलाओं एवं बच्चों के लिए म्यूजिकल चेयर गेम का आयोजन। नृत्य एवं गीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया।
- बीएसएल के एसएमएस 1 विभाग के वरिष्ठ क्रेन ऑपरेटर को सहकर्मियों ने दी भावभीनी विदाई।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट के एसएमएस 1 विभाग में कार्यरत वरिष्ठ क्रेन ऑपरेटर जय प्रकाश साव के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर उनके सहकर्मियों द्वारा आशा लता भवन में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं सहकर्मी अपने परिवार के साथ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित सहकर्मियों ने उन्हें शॉल और पुष्पगुच्छ दे कर सम्मानित किया तथा स्मृति-चिह्न स्वरूप उपहार भी प्रदान किया गया। उन्हें उनके लंबे सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा, कार्यकुशलता एवं विभाग के प्रति योगदान को याद करते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं। समारोह में आत्मीय माहौल के बीच उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव भी साझा किए गए।
समारोह को यादगार एवं मनोरंजक बनाने के लिए महिलाओं एवं बच्चों के लिए म्यूजिकल चेयर का आयोजन किया गया। वहीं बच्चों ने नृत्य एवं गीत प्रस्तुत कर समारोह में अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
इस विशेष अवसर पर श्री जय प्रकाश साव के द्वारा भी सभी साथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। आयोजन को सफल बनाने में बीडू के संगठन मंत्री संजय कुमार, अश्विनी रंजन, रवि तेजा, रवि पूर्ति एवं अमृत कच्छप का विशेष योगदान रहा। वहीं मार्गदर्शक के रूप में श्यामल सेन (डीजीएम), मुकेश कुमार (एजीएम), श्रीकुमार मित्रा (डीजीएम) एवं प्रवीण कुमार (सीनियर मैनेजर) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजन का संचालन नीतीश कुमार के द्वारा किया गया, जो पूर्व में उनके सहकर्मी रह चुके हैं और वर्तमान में मध्य प्रदेश के इटारसी में कार्यरत हैं। विशेष रूप से इस अवसर पर शामिल होने के लिए वे मध्य प्रदेश से बोकारो पहुंचे।
आयोजकों के अनुसार, BSL के इतिहास में सहकर्मियों द्वारा इस प्रकार का आत्मीय एवं विशेष विदाई समारोह आयोजित किया जाना अपने आप में एक अनूठा प्रयास है और इस तरह का आयोजन पहली बार किया गया।
