- योनो अपडेट के नाम पर उनका मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी मांगी गई।
- जानकारी भरने के करीब 15 मिनट बाद बैंक खाते से 51,000 रुपये कट चुके थे।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। थाना भिलाई भट्ठी में ऑनलाइन धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने एसबीआई योनो एप अपडेट के नाम पर व्हाट्सएप लिंक भेजकर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 51 हजार रुपये की ठगी कर ली।
पुलिस को दी गई शिकायत में सूचनाकर्ता वीरेन्द्र सिंह (49 वर्ष), निवासी क्वार्टर नंबर पीडब्ल्यूडी-134, सेक्टर-03 में रहते हैं। 14 जनवरी 2026 की सुबह करीब 10.30 बजे उनके व्हाट्सएप नंबर पर एसबीआई योनो बैंक के नाम से एक लिंक आया था। लिंक में योनो एप्लीकेशन को अपडेट करने की बात कही गई थी।
सूचनाकर्ता द्वारा लगभग 11.12 बजे लिंक को खोलकर देखा गया, जिसमें योनो अपडेट के नाम पर उनका मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी मांगी गई। जानकारी भरने के करीब 15 मिनट बाद जब उन्होंने अपना बैंक खाता चेक किया तो उनके एसबीआई खाते से 51,000 रुपये कट चुके थे।
पीड़ित के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने योनो अपडेट के नाम पर लिंक भेजकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया और खाते से रकम निकाल ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर धारा 318(4) व 4½ बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में ले लिया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और बैंक से जुड़ी जानकारी, ओटीपी या व्यक्तिगत विवरण किसी के साथ साझा न करें।



















