भिलाई की सड़कों पर पुलिस की नाकेबंदी, Bhilai Steel Plant से मांगी ये मदद, पेपर नहीं, हेलमेट-सीट बेल्ट की सिर्फ चेकिंग

Police Conduct Checking Drive on Bhilai Roads Seek Help from Bhilai Steel Plant 1
  • दुर्ग पुलिस यातायात नियमों के पालन हेतु प्रतिबद्ध।
  • ऑपरेशन सुरक्षा के तहत हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग सुनिश्चित किया जा रहा।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। दुर्ग पुलिस द्वारा यातायात सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए शहरी क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ऑपरेशन सुरक्षा शुरू किया है। चौक-चौराहों पर वाहनों की जांच की जा रही है ताकि वाहन चालक हेलमेट लगाएं। सीट बेल्ट का प्रयोग करें। इसकी आदत बनाने के लिए चौतरफा अभियान छेड़ा गया है।

पुलिस अभियान को लेकर दहशत का माहौल है। लोग गाड़ियों को विपरित दिशा या अन्य मार्गों से लेकर भाग रहे हैं। पुलिस विभाग ने भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों-अधिकारियों से भी इसके लिए सहयोग मांगा है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि यह अभियान सिर्फ वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए है। किसी तरह के वाहन के कागजात की जांच नहीं की जा रही है।

यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ऑपरेशन सुरक्षा के अंतर्गत दुपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चालकों द्वारा सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग को सुनिश्चित करने हेतु जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस नियंत्रण कक्ष भिलाई में भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत कर्मचारियों/श्रमिकों में यातायात नियमों के पालन को लेकर ट्रेड यूनियन पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान कर्मचारियों को दुपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने के संबंध में आवश्यक समझाइश दी गई।

साथ ही संयंत्र परिसर एवं भिलाई टाउनशिप क्षेत्र में इसके व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु सहयोग का आग्रह किया गया।
यातायात पुलिस द्वारा सेक्टर क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों पर नियमित एवं क्रमबद्ध यातायात चेकिंग अभियान संचालित किए जाने की जानकारी भी दी गई।

बैठक में उपस्थित ट्रेड यूनियन पदाधिकारियों द्वारा दुर्ग पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए अभियान में पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों एवं औद्योगिक संस्थानों के कर्मचारियों से अपील किया है है कि वे स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा हेतु यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग जीवन रक्षक है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

मीटिंग में ये यूनियन नेता रहे मौजूद

हिंदुस्तान इस्पात ठेका यूनियन के महासचिव योगेश कुमार सोनी, इंटक से शिव शंकर, जीआर सुमन, इस्पात श्रमिक मंच मनोज साहू, भिलाई कर्मचारी यूनियन राजेश चौहान, एके महौर, इंटक ठेका यूनियन से गुरुदेव साहू, सीपी वर्मा, बीएसपी अनाधिशासी कर्मचारी संघ के महासचिव किशोर साव आदि मौजूद रहे।