सूचनाजी न्यूज, नई दिल्ली/भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के नए चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) के रूप में डॉ. अशोक कुमार पंडा का चयन किया गया है। सार्वजनिक उपक्रम चयन बोर्ड (PESB) की बैठक में यह निर्णय लिया गया, जिसमें कई वरिष्ठ अधिकारियों का इंटरव्यू लिया गया था।
सीएमडी पद के लिए कुल 10 वरिष्ठ उम्मीदवारों का साक्षात्कार हुआ। इनमें सेल के डायरेक्टर (माइनिंग) मनिष राज गुप्ता, राउरकेला स्टील प्लांट के निदेशक प्रभारी आलोक वर्मा, ईडी स्तर के कई अधिकारी और अन्य सार्वजनिक उपक्रमों व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
चयन प्रक्रिया के बाद PESB ने डॉ. अशोक कुमार पंडा के नाम की अनुशंसा की। पंडा वर्तमान में सेल में डायरेक्टर (फाइनेंस) के पद पर कार्यरत हैं और उनके पास कॉमर्शियल विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहा है।
डॉ. पंडा के पास वित्तीय प्रबंधन और कॉर्पोरेट संचालन का व्यापक अनुभव है। उनके नेतृत्व में कंपनी की वित्तीय रणनीतियों और व्यावसायिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सेल देश की सबसे बड़ी स्टील कंपनियों में से एक है, ऐसे में नए सीएमडी के चयन को कंपनी के भविष्य के लिए अहम माना जा रहा है। सेफी चेयरमैन एनके बंछोर, उपाध्यक्ष अजय कुमार पांडेय, महासचिव संजय आर्या, बोकारो आफिसर्स एसोसिएशन अध्यक्ष एके सिंह, सेल एससी-एसटी इम्प्लाइज फेडरेशन के ज्वाइंट जनरल सेक्रेटरी जय प्रकाश, बीएसपी ओए महासचिव अंकुर मिश्र, पूर्व बीएसपी ओए महासचिव परविंदर सिंह ने शुभकामनाएं दी।
इन अधिकारियों का हुआ इंटरव्यू
मनीष राज गुप्ता: निदेशक (माइनिंग), सेल एवं अतिरिक्त प्रभार सीएमडी, आरआईएनएल
आलोक वर्मा: निदेशक प्रभारी, राउरकेला स्टील प्लांट; पूर्व में आईएसपी व बीएसएल में भी जिम्मेदारी
डॉ. अशोक कुमार पंडा: निदेशक (वित्त), सेल; अतिरिक्त प्रभार निदेशक (कॉमर्शियल)
बिपिन कुमार गिरी: कार्यकारी निदेशक (माइंस डेवलपमेंट), सेल
मुन्ना प्रसाद सिंह: कार्यकारी निदेशक (माइंस), ओजीओएम, राउरकेला, सेल
अनीश सेनगुप्ता: कार्यकारी निदेशक (प्रोजेक्ट्स), सेल
कृष्ण गोपाल अग्रवाल: निदेशक (वित्त), राइट्स लिमिटेड
अनुप कुमार सतपथी: प्रिंसिपल चीफ सेफ्टी ऑफिसर, साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे
डॉ. पुडी हरिप्रसाद: फाइनेंशियल एडवाइजर एवं चीफ अकाउंट्स ऑफिसर, रेलवे
चेतन प्रकाश जैन: अतिरिक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार, साथ ही सीएमडी, सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड














