Bhilai Steel Plant: बर्थ-डे पर सीजीएम ने दिया सेफ्टी का रिटर्न गिफ्ट, सबको खिलाई कसम

Bhilai Steel Plant CGM Gave a Return Gift of Safety on his Birthday Took an Oath
  • जन्मदिन पर कर्मियों को सुरक्षा का संकल्प, तीनों फर्नेस से सुचारू रोलिंग का आश्वासन।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल भिलाई स्टील प्लांट के रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल के सीजीएम का बर्थ-डे मनाया जा रहा है। विभागीय कर्मचारी साहब को बधाई देने और मिठाई खाने पहुंचे तो दांव उल्टा पड़ गया। साहब ने भी मौके पर चौका मार दिया।

किसी तरह का कोई गिफ्ट लेने से मना किया। बदले में सुरक्षा का संकल्प लेने की बात कही। एक-एक कार्मिकों को सुरक्षा की कसम खिलाई गई कि खुद सुरक्षित कार्य करें और दूसरों को भी करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। यह देख सबके चेहरे पर अलग चमक ही दिखी। वहीं, प्लांट में सीजीएम के बर्थ-डे पर सेफ्टी संकल्प के कार्यक्रम की खूब चर्चा हो रही है।

आरएसएम के विभाग प्रमुख एवं मुख्य महाप्रबंधक टी. दस्तीदार के जन्मदिन पर फर्नेस अनुभाग के कर्मी एवं अधिकारी उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देने उनके कार्यालय पहुंचे। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक ने बधाइयों के बदले “रिटर्न गिफ्ट” के रूप में कर्मियों को सुरक्षा के प्रति संकल्प दिलाया और उत्पादन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय साझा किए।

मुख्य महाप्रबंधक दस्तीदार ने कहा कि सुरक्षा सर्वोपरि है और सभी मापदंडों का पूर्ण पालन करते हुए अगले सप्ताह आर-52 ग्रेड की रोलिंग तीनों रिहिटिंग फर्नेस से सुचारू रूप से की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेल एंड स्ट्रक्चरल मिल में तीन रिहिटिंग फर्नेस उपलब्ध हैं, लेकिन यूनिवर्सल रेल मिल के अस्तित्व में आने के बाद प्रायः दो ही फर्नेस चार्ज रहते हैं, जबकि एक फर्नेस डाउन रहता है।

उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व में रेल मिल द्वारा एक शिफ्ट में तीनों फर्नेस से 360 ब्लूम रोलिंग का रिकॉर्ड भी स्थापित किया जा चुका है।

डिपार्टमेंटल प्लानिंग को फर्नेस अनुभाग के कर्मियों के साथ साझा करते हुए श्री दस्तीदार ने बताया कि आर-52 ग्रेड की रोलिंग का लक्ष्य शीघ्र पूरा करने के लिए विभाग ने तीनों फर्नेस को चार्ज करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कर्मियों से अपील की कि सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करते हुए सहयोग प्रदान करें, ताकि उत्पादन लक्ष्य समय पर हासिल किया जा सके। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आर-52 का ऑर्डर पूरा होते ही पुनः लांग रेल के लिए आर-60 ब्लूम की रोलिंग यथावत जारी रखी जाएगी।

इस अवसर पर फर्नेस अनुभाग के सहायक महाप्रबंधक परमेश्वर लाल कुर्रे, विजय कुमार सोनी, जावेद खान, हिरामन साहु, बी. अनिल राव, कुंजलाल ठाकुर, मुक्तावन दास सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और उत्पादन को लेकर विशेष चर्चा हुई तथा सभी ने सुरक्षित कार्य संस्कृति को और मजबूत करने का संकल्प लिया।