पार्टी का मुख्यालय मजाकिया अंदाज में Wherever the wifi works यानी “जहां वाई-फाई चलता हो” बताया गया। CJI सूर्यकांत ने की थी कॉकरोच पर टिप्पणी।
- इंस्टाग्राम पर मचाई हलचल। कॉकरोच जनता पार्टी ने महज चार दिन में बीजेपी को इंस्टाग्राम पर काफी पीछे धकेल दिया।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सोशल मीडिया पर इन दिनों “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम तेजी से चर्चा में है। बेरोजगार युवाओं के गुस्से और व्यंग्य से जन्मी इस डिजिटल मुहिम ने इंस्टाग्राम पर ऐसा उछाल लिया कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी कहलाने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को भी फॉलोअर्स के मामले में पीछे छोड़ दिया।
गुरुवार सुबह 10:45 बजे तक इंस्टाग्राम पर बीजेपी के फॉलोअर्स जहां 8.7 मिलियन (8.7M) दर्ज किए गए, वहीं “कॉकरोच जनता पार्टी” के फॉलोअर्स का आंकड़ा 11.1 मिलियन (11.1M) तक पहुंच गया। महज चार दिनों के भीतर इस नए सोशल मीडिया ट्रेंड ने रिकॉर्ड रफ्तार पकड़ी है।
सोशल मीडिया पर इसे बेरोजगार युवाओं के विरोध और व्यंग्यात्मक अभियान के रूप में देखा जा रहा है। युवाओं का कहना है कि नौकरी, भर्ती और रोजगार जैसे मुद्दों पर उनकी आवाज लगातार नजरअंदाज की जा रही है। इसी नाराजगी ने “कॉकरोच जनता पार्टी” को इंटरनेट पर वायरल बना दिया।
दिलचस्प बात यह भी है कि कांग्रेस का आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट “incindia” फिलहाल 13.3 मिलियन फॉलोअर्स के साथ आगे है, लेकिन जिस तेजी से “कॉकरोच जनता पार्टी” का ग्राफ बढ़ रहा है, उससे कांग्रेस के लिए भी चुनौती खड़ी होती दिख रही है।
भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत की “कॉकरोच” संबंधी टिप्पणी के बाद सोशल media पर युवाओं में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। उसी के बाद इस नाम से डिजिटल कैंपेन शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते “पार्टी” का रूप ले लिया।
सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता ने राजनीतिक हलकों में भी हलचल पैदा कर दी है। कई लोग इसे युवाओं की नाराजगी का प्रतीक मान रहे हैं, तो कई इसे मीम और ट्रोल संस्कृति का नया चेहरा बता रहे हैं।
क्या है कॉकरोच जनता पार्टी
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही “कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)” खुद को “Lazy & Unemployed” यानी “आलसी और बेरोजगारों की आवाज” बताती है। पार्टी का दावा है कि यह उन युवाओं के लिए बनाई गई है, जिन्हें व्यवस्था ने नजरअंदाज कर दिया। वेबसाइट पर लिखा गया है “Five demands. Zero sponsors. One large, stubborn swarm.”
पार्टी अपने आंदोलन को व्यंग्य और विरोध का मिश्रण बताती है। “Our Mission” सेक्शन में कहा गया है कि युवाओं को लगातार “आलसी”, “क्रोनिकली ऑनलाइन” और हाल में “कॉकरोच” कहे जाने के खिलाफ यह डिजिटल आंदोलन खड़ा किया गया है।
CJP का घोषणापत्र भी चर्चा में
कॉकरोच जनता पार्टी ने पांच प्रमुख मांगों वाला “मेनिफेस्टो” जारी किया है। इसमें रिटायरमेंट के बाद मुख्य न्यायाधीश को राज्यसभा सीट नहीं देने, वोट डिलीट होने पर चुनाव आयोग के अधिकारियों पर कार्रवाई, महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, बड़े कॉरपोरेट समूहों के मीडिया नेटवर्क की जांच और दल-बदल करने वाले सांसद-विधायकों पर 20 साल का प्रतिबंध लगाने जैसी बातें शामिल हैं।
सदस्य बनने के लिए भी अजीब शर्तें
पार्टी ने सदस्यता के लिए चार “योग्यता” तय की हैं। इनमें बेरोजगार होना, “फिजिकली लेजी” होना, रोज 11 घंटे ऑनलाइन रहना और “प्रोफेशनल तरीके से रेंट” यानी व्यवस्था पर तीखी टिप्पणी करने की क्षमता शामिल है। वेबसाइट पर दावा किया गया है कि सदस्यता मुफ्त, आजीवन और पूरी तरह स्वैच्छिक है।
सोशल मीडिया पर प्रचार अभियान
कॉकरोच पार्टी का खुद को सदस्य बताते हुए फेसबुक, एक्स, वाट्सएप आदि प्लेटफॉर्म पर लोग कुछ न कुछ शेयर कर रहे हैं। कोई खुद को जिला अध्यक्ष तो कोई पदाधिकारी बता रहा। लगातार मीम और बेरोजगारी पर आधारित गाने बनाए जा रहे हैं। भ्रष्टाचार, गरीबी आदि का मुद्दा उठाया गया।

