15 साल की उम्र में टीम इंडिया की जर्सी पहनेंगे वैभव सूर्यवंशी। पूरे देश की निगाहों का केंद्र बन गए हैं। भारतीय क्रिकेट को नया सुपरस्टार मिला।
सूचनाजी न्यूज, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट में एक नया इतिहास रचते हुए 15 साल 2 माह के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में जगह मिल गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीमों की घोषणा कर दी। वैभव सूर्यवंशी को स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय टीम में चयन ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का नया सुपरस्टार बना दिया है। वैभव सूर्यवंशी महज 13 साल की उम्र में Rajasthan Royals की टीम में शामिल हुए। आइपीएल 2025 में खेलने का मौका मिला। धांसू बल्लेबाजी का सफर 2026 आइपीएल में जारी रहा। सबसे अधिक रन बनाए और सबसे ज्यादा सिक्स मारने का भी रिकॉर्ड बना दिया है। बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम में सबसे कम उम्र के खिलाड़ी के रूप में सचिन तेंदुलकर की इंट्री हुई थी। करीब 16 साल की उम्र थी।
चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर की अगुवाई में मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में हुई बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। सबसे बड़ा फैसला टी20 टीम की कप्तानी को लेकर रहा। भारतीय टीम को टी20 विश्व कप 2026 जिताने वाले सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर कर दिया गया है, जबकि श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया गया है। तिलक वर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वैभव ने आईपीएल में मचाया था धमाल
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार बल्लेबाजी कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा था। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और दबाव में रन बनाने की क्षमता ने उन्हें सीधे राष्ट्रीय टीम के दरवाजे तक पहुंचा दिया। महज 15 साल 2 माह की उम्र में भारतीय टीम में चयन उनके असाधारण प्रदर्शन का प्रमाण माना जा रहा है।
चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने वैभव के चयन पर कहा, “वैभव के प्रदर्शन ने हमें उन्हें चुनने पर लगभग मजबूर कर दिया। उन्होंने खुद को खुद चुना है।”
अय्यर को कप्तानी क्यों?
श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाए जाने पर अगरकर ने कहा कि उन्होंने बल्लेबाजी के साथ-साथ अपनी नेतृत्व क्षमता से भी प्रभावित किया है। अय्यर दिसंबर 2023 के बाद पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी कर रहे हैं और अब सीधे कप्तान की भूमिका निभाएंगे।
सूर्या का पत्ता कटा
भारतीय क्रिकेट के लिए सबसे चौंकाने वाला फैसला सूर्यकुमार यादव को बाहर करना रहा। सूर्या की कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता था, लेकिन हालिया खराब फॉर्म के कारण चयनकर्ताओं ने उन्हें स्क्वॉड में जगह नहीं दी।
आयरलैंड दौरे से शुरू होगा अभियान
भारत को 26 जून से आयरलैंड में दो मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। इसके बाद 1 जुलाई से इंग्लैंड दौरा शुरू होगा, जहां टीम इंडिया पांच टी20 और तीन वनडे मैच खेलेगी। सितंबर में जापान में एशियन गेम्स का आयोजन होगा।
आयरलैंड टी20 सीरीज 2026 के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी।
इंग्लैंड दौरे 2026 के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रिंस यादव, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी।
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और वैभव सूर्यवंशी।
श्रीलंका दौरे के लिए इंडिया-ए टीम घोषित
बीसीसीआई ने श्रीलंका में होने वाले दो मल्टी-डे मैचों के लिए इंडिया-ए टीम का भी ऐलान किया है। टीम में ध्रुव जुरेल, हर्ष दुबे, अंशुल कंबोज, साई सुदर्शन, सारांश जैन, एन जगदीसन, पीयूष पांडे, गुरनूर बरार, अमन मोखाड़े, देवदत्त पडिक्कल, आकिब नबी, शेख रशीद, ऋतुराज गायकवाड़, यश ठाकुर और जीशान अंसारी को शामिल किया गया है।
वनडे टीम में यशस्वी को मौका
विराट कोहली फिटनेस कारणों से अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू होने वाली वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे। उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को भारतीय वनडे टीम में शामिल किया गया है।
15 साल की उम्र में टीम इंडिया की जर्सी पहनने जा रहे वैभव सूर्यवंशी अब पूरे देश की निगाहों का केंद्र बन गए हैं। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वह अपनी प्रतिभा के अनुरूप प्रदर्शन जारी रखते हैं तो भारतीय क्रिकेट को आने वाले वर्षों का नया सुपरस्टार मिल सकता है।

