BPSCL के कोल हैंडलिंग प्लांट में हादसा, ठेका मजदूर की मौत के बाद बवाल। ड्यूटी के दौरान करंट लगने से मौत, शव मरच्यूरी में।
- करंट से गई मजदूर की जान, अनुकंपा नौकरी और मुआवजे की मांग पर हंगामा।
- बोकारो में मजदूर की मौत पर उबाल, सड़क जाम कर परिजनों ने मांगी स्थायी नौकरी।
- BPSCL में बड़ा हादसा: करंट लगने से मजदूर की मौत, BGH के बाहर धरने पर परिवार।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। सेल के बोकारो स्टील प्लांट (BSL) से बड़ी खबर है। BPSCL के कोल हैंडलिंग प्लांट में हादसा हो गया है। एक ठेका मजदूर की करंट लगने से मौत के बाद दूसरे दिन भी शव नहीं उठाया जा सका। परिजन अनुकंपा नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। बोकारो जनरल हॉस्पिटल (BGH) के बाहर जमकर हंगामा हो रहा है। मृतक के परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल के बाहर सड़क पर बैठ गए तथा अनुकंपा नियुक्ति और उचित मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन चल रहा है।
बोकारो पावर सप्लाई कंपनी लिमिटेड (BPSCL) के कोल हैंडलिंग प्लांट में यूपीएल कंपनी के तहत कार्यरत ठेका मजदूर शिव शंकर हेम्ब्रम ड्यूटी के दौरान हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि काम के दौरान उन्हें करंट लग गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सहकर्मियों और अधिकारियों ने उन्हें तत्काल प्लांट मेडिकल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बोकारो जनरल हॉस्पिटल (BGH) रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। मृतक का शव बीजीएच की मरच्यूरी में रखा गया। इसी दौरान परिजनों ने अस्पताल परिसर के बाहर सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
परिजनों का कहना है कि शिव शंकर हेम्ब्रम की मौत ड्यूटी के दौरान हुई है, इसलिए परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी (अनुकंपा नियुक्ति) और पर्याप्त मुआवजा दिया जाए। उनका आरोप है कि मृतक लंबे समय से संयंत्र में कार्य कर रहा था और परिवार की आजीविका पूरी तरह उसी पर निर्भर थी। उल्लेखनीय है कि बीपीएससीएल, सेल और दामोदर वैली कॉरपोरेशन (DVC) का संयुक्त उपक्रम है, जो बोकारो स्टील प्लांट को बिजली और ऊर्जा आपूर्ति से जुड़े कार्यों का संचालन करता है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रबंधन, प्रशासन और परिजनों के बीच वार्ता की कोशिशें जारी हैं। पुलिस बल ने भी मोर्चा संभाला है। परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। मजदूर संगठनों ने भी घटना की उच्चस्तरीय जांच, सुरक्षा मानकों की समीक्षा और मृतक परिवार को तत्काल राहत देने की मांग उठाई है।

