Engineers' Day 2026: डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन भिलाई का दो दिवसीय आयोजन। BSP OA भवन में ईडी वर्क्स, ईडी एचआर होंगे गेस्ट।
- शिविर सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित किया जा रहा है।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भारत रत्न एवं महान अभियंता सर एम. विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले इंजीनियर्स डे के उपलक्ष्य में डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन भिलाई द्वारा आज 15 सितंबर को जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र, सेक्टर-9 भिलाई में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
रक्तदान शिविर में डिप्लोमा इंजीनियर्स सहित इच्छुक लोग रक्तदान कर इस सामाजिक पहल में सहभागी बन सकते हैं। शिविर सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। एसोसिएशन ने अपील की है “डिप्लोमा इंजीनियर्स रक्तदान कर रहे हैं, आप भी आइए और इस नेक पहल का हिस्सा बनिए।”
कल इंजीनियर्स, विजेता टीमें होंगी सम्मानित
इंजीनियर्स डे के अवसर पर कल शाम 6:00 बजे से प्रगति भवन (ऑफिसर्स एसोसिएशन बिल्डिंग), भिलाई में मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत डिप्लोमा इंजीनियर्स को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों तथा उत्पादन एवं सुरक्षा के क्षेत्र में निरंतर किए जा रहे सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही सेफ्टी सर्कल एवं क्वालिटी सर्कल प्रतियोगिताओं में टॉप थ्री स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को भी सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान के माध्यम से सुरक्षा, गुणवत्ता, नवाचार एवं कार्यस्थल पर निरंतर सुधार के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली टीमों के प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (एचआर), बीएसपी पवन कुमार होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) राकेश कुमार होंगे।
ये खबर भी पढ़ें: BSP श्रमिकों के खाते में आ रहे 10 से 21 हजार रुपए तक, पढ़िए पूरा मामला
कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी अनुरक्षण एवं उपयोगिताएं बीके बेहरा, मुख्य महाप्रबंधक यूआरएम शिशिर शुक्ला, मुख्य महाप्रबंधक पीबीएस शेख जाकिर तथा सेफी-सह-ओए अध्यक्ष नरेंद्र बंछोर की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। शाम 6:00 बजे से ही एसोसिएशन के सभी डिप्लोमा इंजीनियर्स सदस्यों के लिए गिफ्ट वितरण भी प्रारंभ किया जाएगा। एसोसिएशन ने सभी सदस्यों से समय पर प्रगति भवन पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता करने तथा इंजीनियर्स डे को यादगार बनाने की अपील की है।
रक्तदान से जीवन बचाने की पहल, उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान और सुरक्षा-गुणवत्ता में श्रेष्ठ टीमों का अभिनंदन इन्हीं उद्देश्यों के साथ डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन, भिलाई इस वर्ष इंजीनियर्स डे को विशेष रूप से मना रहा है।




