Bhilai Township: वीडियो और फोटो ईडी वर्क्स, आईआर, सीजीएम सेफ्टी और जीएम टाउनशिप सहित संबंधित अधिकारियों तक भेजी गई।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। मौसम के अचानक बदले मिजाज और रातभर हुई बारिश ने भिलाई के जनजीवन को प्रभावित कर दिया। तेज बारिश के बीच शहर के कई हिस्सों में पेड़ और उनकी टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं। इससे सुबह-सुबह ड्यूटी पर जाने वाले कार्मिकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सेक्टर-4 पेट्रोल पंप के समीप फॉरेस्ट एवेन्यू पर विशाल पेड़ गिरने से मुख्य मार्ग ही ब्लॉक हो गया।
ताया गया कि भोर में करीब 4 बजे पेड़ अचानक मुख्य मार्ग पर आ गिरा। सुबह ड्यूटी के लिए निकले कार्मिक जब जेपी सीमेंट चौक पार कर बोरिया गेट की ओर बढ़े तो आगे रास्ता बंद मिला। इसके बाद वाहनों को वापस लौटना पड़ा। कर्मचारियों ने जेपी सीमेंट के सामने से वैकल्पिक रास्ता पकड़ा और अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
पेड़ गिरने की सूचना लोगों ने नगर सेवाएं विभाग तक पहुंचाई। इसी बीच सीटू महासचिव टी. जोगा राव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके का वीडियो बनाकर विभिन्न ग्रुपों में शेयर किया, ताकि सुबह ड्यूटी जाने वाले लोगों को रास्ता बंद होने की जानकारी मिल सके और वे समय रहते वैकल्पिक मार्ग चुन सकें। इसके बाद बीएसपी अधिकारियों को सूचित किया गया। सड़क पर गिरे पेड़ की डालियों को काटकर हटाने की कार्रवाई शुरू कराई गई। सुबह करीब साढ़े 9 बजे तक पेड़ को काटकर हटाने का काम चलता रहा। वहीं, सेक्टर 4 के ही सड़क नंबर 21 के आसपास भी पेड़ टूटकर गिरे हैं।
भिलाई क्लब के पास बिजली तार पर गिरा पेड़
बारिश का असर भिलाई के दूसरे हिस्सों में भी दिखाई दिया। भिलाई क्लब के रॉयल गार्डन के सामने एक पेड़ टूटकर बिजली के तार पर जा गिरा। इससे वहां भी आवागमन प्रभावित हुआ। राहगीरों ने इसकी सूचना उद्यानिकी विभाग को दी। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग राहगीरों को अलर्ट कर रहे थे। वहीं, सेंट्रल एवेन्यू सहित शहर के अन्य हिस्सों में भी पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़कों पर गिरती रहीं। बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बनी रही।
भोर में पेड़ गिरा, कार्रवाई में देरी पर कर्मचारियों के सवाल
फॉरेस्ट एवेन्यू की घटना को लेकर बीएसपी कर्मचारियों के बीच डिजास्टर मैनेजमेंट की सक्रियता को लेकर सवाल उठे। कर्मचारियों का कहना है कि पेड़ भोर करीब 4 बजे सड़क पर गिर गया था, लेकिन काफी देर तक मौके पर कोई टीम नहीं पहुंची। उनके मुताबिक, सुबह करीब साढ़े 7 बजे के बाद संबंधित टीम सक्रिय हुई। इस दौरान घटना से संबंधित वीडियो और जानकारी ईडी वर्क्स, आईआर, सीजीएम सेफ्टी और जीएम टाउनशिप सहित संबंधित अधिकारियों तक भेजी गई।
बारिश के मौसम में पेड़ों के गिरने और रास्ते अवरुद्ध होने की घटनाएं नई नहीं हैं। ऐसे में कर्मचारियों का सवाल है कि आपदा या आकस्मिक स्थिति में सूचना मिलने के बाद मौके पर टीम कितनी जल्दी पहुंचती है और यातायात बहाल करने की व्यवस्था कितनी तत्पर है। फिलहाल, फॉरेस्ट एवेन्यू पर गिरे पेड़ को काटकर हटाने का काम शुरू होने के बाद आवागमन सामान्य करने की कवायद जारी रही।
