- भिलाई इस्पात संयंत्र जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन में चोरी की कोशिश।
- सुरक्षा व्यवस्था की सतर्कता के कारण नाकाम साबित हुई।
- आरोपी के पास कोई वैध गेट पास नहीं मिला।
- एक अन्य चोर चॉकलेटी यादव कार की चाबी लेकर फरार।
- चोर के पास NSPCL कर्मचारी के गेट पास का रेप्लिका था।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल के भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से बड़ी खबर सामने आई है। संयंत्र के प्रतिबंधित क्षेत्र में कॉपर केबल चोरी की कोशिश को सीआईएसएफ की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने नाकाम कर दिया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। एनएसपीसीएल कर्मचारी के फर्जी गेटपास से चोर प्लांट के अंदर घुसे थे।
सीआईएसएफ के अनुसार, 3 फरवरी 2026 को प्रथम पारी में सुबह करीब 6:20 बजे जोरातराई गेट क्षेत्र में तैनात QRT कर्मियों ने जल भवन के पीछे प्रोपेन प्लांट के सुनसान इलाके में एक संदिग्ध हुंडई सेंट्रो कार (CG 04 E 9100) को देखा। पूछताछ के लिए बढ़ने पर कार चालक वाहन लेकर भाग निकला। पीछा करने पर ओएचपी-ए लोकेशन स्थित एसई रेलवे गेट के पास दोनों आरोपी कार छोड़कर भागने लगे।
करीब 6:30 बजे QRT कर्मियों ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जिसकी पहचान संतोष निषाद (35 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा, उत्कल नगर, भिलाई के रूप में हुई। आरोपी के पास कोई वैध गेट पास नहीं मिला। पूछताछ में उसने बताया कि उसका साथी चॉकलेटी यादव कार की चाबी लेकर फरार हो गया, जिसके पास NSPCL कर्मचारी के गेट पास का रेप्लिका था।
कार की तलाशी लेने पर सीआईएसएफ को बड़ा खुलासा हुआ। वाहन से 210 किलोग्राम स्क्रैप कॉपर केबल बरामद की गई। कार की पिछली सीट के नीचे विशेष रूप से बनाई गई कैविटी भी मिली, जिसमें चोरी की नीयत से कॉपर केबल छुपाई जाती थी।
बरामद सामग्री को बीएसपी भिलाई के महाप्रबंधक (PBC) जी.पी. कुर्रे के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां इसे संयंत्र की संपत्ति के रूप में प्रमाणित किया गया। जब्त कॉपर केबल की अनुमानित कीमत 1 लाख 36 हजार 500 रुपये बताई गई है।
सीआईएसएफ की शिकायत पर भिलाई भट्ठी थाना में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस और सीआईएसएफ संयुक्त रूप से मामले की विवेचना कर रहे हैं। भिलाई इस्पात संयंत्र जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन में चोरी की यह कोशिश सुरक्षा व्यवस्था की सतर्कता के कारण नाकाम साबित हुई।











