- रुआबांधा बस्ती तालाब के ऊपर स्थित बजरंगबली मंदिर के पास एक युवक चाकू लहराकर रहा था।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। रुआबांधा बस्ती में सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को भयभीत करने वाले युवक को भिलाई नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से धारदार बटनदार चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम रुआबांधा शनिचरी बाजार क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रुआबांधा बस्ती तालाब के ऊपर स्थित बजरंगबली मंदिर के पास एक युवक चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
पुलिस टीम मुखबिर, स्टाफ और गवाहों के साथ बताए गए स्थान पर पहुंची, जहां एक युवक चाकू लहराते हुए मिला। घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम पारस मंडल उर्फ बिट्टु पिता नागेंद्र मंडल, उम्र 25 वर्ष, निवासी बजरंग चौक, रूंआबांधा बस्ती, भिलाई नगर, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़) बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक नग स्टील का बटनदार, धारदार व नुकीला चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने तलाशी व बरामदगी पंचनामा तैयार कर चाकू को विधिवत जप्त किया। आरोपी को संबंधित धाराओं के तहत नोटिस देकर गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कर अभिरक्षा में लिया गया।
आरोपी का कृत्य धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर थाना भिलाई नगर में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।











