बीएसएल इंटर डिपार्टमेंटल क्रिकेट चैंपियनशिप में आयरन जोन 1 की टीम ने जीता खिताब

Iron Zone 1 Team Won the Title in BSL Inter Departmental Cricket Championship
  • रोमांचक मैच में आयरन जोन-1 की टीम ने मिल-1 की टीम को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

सूचनाजी न्यूज, बोकारो। सेल बोकारो इस्पात संयंत्र इंटर-डिपार्टमेंटल क्रिकेट चैम्पियनशिप-2026 का फाइनल मैच बीएसएल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। फाइनल मुकाबला बीएसएल आयरन जोन-1 और मिल-1 के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में आयरन जोन-1 की टीम ने मिल-1 की टीम को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी उपस्थित रहीं। उनके साथ मुख्य महाप्रबंधक (नगर प्रशासन) कुंदन कुमार, महाप्रबंधक (संपर्क एवं प्रशासन) सी.आर.के. सुधांशु, महाप्रबंधक (सीईडी) ए.के. अविनाश सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

मुख्य अतिथि बनर्जी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएँ कर्मचारियों के बीच टीम भावना, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार खेल के मैदान में सामूहिक प्रयास सफलता की कुंजी है, उसी प्रकार इस्पात उत्पादन में विभिन्न विभागों के बीच समन्वित कार्य अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी से सुरक्षित कार्य-संस्कृति को अपनाने तथा पारस्परिक सहयोग को और सुदृढ़ करने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए पुरस्कृत किया।

उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लिया तथा पूरे टूर्नामेंट के दौरान 59 मैच खेले गए। खेले गए फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मिल-1 की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 121 रन बनाए। चंद्र भान झा ने सर्वाधिक 35 रन बनाए, जबकि दीपक कुमार ने 23 रन और नितेश कुमार सिंह ने 19 रन का योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरन जोन-1 ने 18.3 ओवर में 6 विकेट खोकर 122 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। मार्शल सोरेन ने 38 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि रवि शंकर ने 22 रन और कुंदन कुमार ने 21 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। फाइनल मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आयरन जोन-1 के रवि शंकर को “मैन ऑफ द मैच” घोषित किया गया।

वहीं मिल-2 के पवन कुमार को पूरे टूर्नामेंट में 190 रन बनाने और 15 विकेट लेने के लिए “मैन ऑफ द सीरीज” चुना गया। यह चैम्पियनशिप कर्मचारियों के बीच टीम भावना, आपसी सहयोग और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ-साथ संगठन में सकारात्मक एवं ऊर्जावान कार्य वातावरण स्थापित करने में सहायक है।