- सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र के वार्षिक निष्पादन समीक्षा एवं पुरस्कार समारोह का भव्य आयोजन।
सूचनाजी न्यूज, राउरकेला। सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के वार्षिक निष्पादन समीक्षा एवं पुरस्कार समारोह के उपलक्ष्य में 1 अप्रैल, 2026 को एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। निदेशक प्रभारी (आरएसपी) आलोक वर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। यह समारोह ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के गोपबंधु सभागार में आयोजित किया गया।
मंच पर कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) तरुण मिश्र, कार्यपालक निदेशक (संकार्य) बिस्वरंजन पलई, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) अनिल कुमार, कार्यपालक निदेशक (खान), एमपी सिंह, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएँ), सुदीप पाल चौधरी उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधकगण, बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारी एवं संयंत्र के कर्मचारी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि, प्रत्येक वर्ष नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत में आयोजित यह भव्य वार्षिक आयोजन पिछले वित्तीय वर्ष में संयंत्र की उपलब्धियों का उत्सव मनाता है, व्यक्तिगत एवं सामूहिक तौर पर कर्मचारियों एवं विभागों के योगदान को सम्मानित करता है तथा नए वित्तीय वर्ष के लिए लक्ष्यों को निर्धारित करता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेल के मुख्य प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अमरेंदु प्रकाश के कार्मिकों के लिए ऑनलाइन संदेश से हुआ। ओडिशा दिवस और नए वित्तीय वर्ष के शुरुआती अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए आलोक वर्मा ने पिछले वित्तीय वर्ष में आरएसपी के रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के लिए सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी।
हालांकि, उन्होंने सभी को आत्मसंतुष्ट न होने की चेतावनी देते हुए कहा कि, जो लोग यह सोचते हैं कि बीते कल के तरीके ही आज के लिए सबसे अच्छे हैं, वे किसी भी संगठन को सबसे तेजी से बर्बाद कर देते हैं। वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों को बताते हुए, निदेशक प्रभारी ने कहा कि लक्ष्य चुनौतीपूर्ण लग सकते हैं, लेकिन इन्हें प्राप्त करना संभव है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि आरएसपी के लिए नया साल अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि इस्पात संयंत्र जल्द ही विस्तारण के चरण में प्रवेश करेगा और 9.8 मिलियन टन क्षमता वाला संयंत्र बन जाएगा।
पने समापन टिपण्णी में, आलोक वर्मा ने कहा, “हमारी विरासत आसान सफलताओं से नहीं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में हमारे निष्पादन से परिभाषित होती है। आइए हम वह टीम बनें जो चुनौतियों के बीच अथक परिश्रम करके आरएसपी के लिए एक नया अध्याय लिख सके।”
इससे पूर्व, निदेशक प्रभारी ने अन्य गणमान्यों के साथ दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत ज्योतिर्मय आचार्य के नेतृत्व में कर्मचारियों की टीम द्वारा ‘बंदे उत्कल जननी’ की मधुर प्रस्तुति से हुई।
बिस्वरंजन पलई ने वर्ष 2025-26 में संयंत्र के प्रदर्शन पर विस्तृत प्रस्तुति दी तथा विभिन्न क्षेत्रों में आरएसपी की उल्लेखनीय उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों की भी रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं एमपी सिंह ने वर्ष 2025-26 में ओडिशा खान समूह की खदानों के प्रदर्शन एवं उपलब्धियों के साथ-साथ नए वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित लक्ष्यों की जानकारी दी।
निदेशक प्रभारी में अन्य गणमान्यों के साथ मिलकर, उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए विभिन्न विभागों और व्यक्तिगत कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर श्री आलोक वर्मा ने वार्षिक व्यवसाय योजना (Annual Business Plan) पुस्तिका का भी विमोचन किया।
मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सेवाएँ) एवं अध्यक्ष (आयोजन समिति), अतिश चंद्र सरकार ने सभा का स्वागत किया, जबकि महाप्रबंधक प्रभारी (आरसीएल), आरएस शर्मा ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन वरिष्ठ प्रबंधक (आरसीएल),खुशबू मिश्रा तथा सहायक प्रबंधक (जनसंपर्क), जॉयदेव मजूमदार द्वारा किया गया।















