- कैश कलेक्शन लक्ष्य से अधिक होने से कंपनी की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने कैलेण्डर वर्ष 2025 के अंतिम माह दिसंबर में कैश कलेक्शन के मोर्चे पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। सेल प्रबंधन की ओर से सार्वजनिक की गई कैश कलेक्शन रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने दिसंबर 2025 में निर्धारित 11 हजार करोड़ रुपये के लक्ष्य को पार करते हुए कुल 11,688.5 करोड़ रुपये का कैश कलेक्शन दर्ज किया है।
यह उपलब्धि सेल के विभिन्न इस्पात संयंत्रों और इकाइयों के बेहतर उत्पादन, बिक्री रणनीति और वित्तीय प्रबंधन को दर्शाती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कैश कलेक्शन में भिलाई इस्पात संयंत्र शीर्ष पर रहा, जहां से 2988 करोड़ रुपये का संग्रह हुआ। इसके बाद बोकारो स्टील प्लांट ने 2723 करोड़ रुपये का कैश कलेक्शन कर दूसरा स्थान हासिल किया। राउरकेला इस्पात संयंत्र ने भी मजबूत प्रदर्शन करते हुए 2244 करोड़ रुपये का योगदान दिया।
अन्य इकाइयों की बात करें तो दुर्गापुर स्टील प्लांट से 1117 करोड़ रुपये, इस्को बर्नपुर से 1359 करोड़ रुपये, सेलम स्टील प्लांट से 170 करोड़ रुपये, अलॉय स्टील प्लांट (एएसपी) से 47 करोड़ रुपये और वीआईएसएल से 21 करोड़ रुपये का कैश कलेक्शन हुआ। वहीं, एनएमडीसी ने भी महत्वपूर्ण योगदान देते हुए 1019 करोड़ रुपये का कैश कलेक्शन दर्ज किया।
सेल प्रबंधन के अनुसार, दिसंबर माह में यह सफलता घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में स्टील की स्थिर मांग, समयबद्ध वसूली और वित्तीय अनुशासन का परिणाम है। कैश कलेक्शन लक्ष्य से अधिक होने से न केवल कंपनी की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि आने वाले समय में निवेश और विकास योजनाओं को भी गति मिलने की उम्मीद है।











