SAIL RSP: हॉट मेटल छलका, कर्मचारी आए चपेट में, अफरा-तफरी, मॉकड्रिल में हड़कंप

SAIL RSP Fire Safety Mock Drill Conducted at Steel Melting Shop 1
  • पूरी कार्रवाई साइट इंसीडेंट कंट्रोलर जीएम सी. तिर्की के नेतृत्व में संपन्न हुई।

सूचनाजी न्यूज, राउरकेला। Steel Authority of India Limited के राउरकेला स्टील प्लांट (RSP) के स्टील मेल्टिंग शॉप-1 (SMS-1) में फायर सेफ्टी मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों को मजबूत करना और ऑन-साइट डिजास्टर मैनेजमेंट सिस्टम की प्रभावशीलता का आकलन करना था।

मॉकड्रिल के तहत एक काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसमें बाथ सैंपलिंग के दौरान कन्वर्टर में फेटलिंग मास गिरने से पिघले धातु में रिएक्शन हुआ। इससे गर्म धातु के छींटे उड़े, चिंगारियां निकलीं और आसपास के कर्मियों व सामग्री को प्रभावित करते हुए आग की स्थिति उत्पन्न हुई।
ड्रिल सुबह 11:20 बजे शुरू हुई और 11:50 बजे तक स्थिति पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। पूरी कार्रवाई साइट इंसीडेंट कंट्रोलर जीएम सी. तिर्की के नेतृत्व में संपन्न हुई।

इस दौरान तीन टीमों ‘कॉम्बैट’, ‘रेस्क्यू’ और ‘ऑक्जिलरी’ ने सक्रिय भूमिका निभाई। कॉम्बैट टीम का नेतृत्व शंकर आजाद, रेस्क्यू टीम का नेतृत्व ए.वी. प्रदीप और ऑक्जिलरी टीम का नेतृत्व टी.पी. गरेवाल ने किया। सभी टीमों ने बेहतर समन्वय और दक्षता का प्रदर्शन किया, जिसमें SMS-1 और संबंधित विभागों के कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

ड्रिल के बाद समीक्षा बैठक सीजीएम (SMS-1) बी. सुनील कार्था द्वारा की गई। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में और सुधार के लिए सुझाव दिए। पूरे आयोजन का समन्वय डीजीएम (DSO) नागेन बेहरा और एजीएम पी.के. सामल ने फायर सर्विसेज टीम के साथ मिलकर किया, जिससे मॉकड्रिल का संचालन सुचारु और प्रभावी ढंग से हो सका।