- पत्र में उल्लेख किया गया है कि अब तक इस मांग पर कोई औपचारिक जवाब नहीं मिला है।
सूचनाजी न्यूज, नई दिल्ली। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अधिकारियों को जारी किए गए Perquisites के बकाया पर ब्याज भुगतान को लेकर सेल एग्जीक्यूटिव्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SEFI) ने चेयरमैन सह प्रबंध निदेशक अमरेंदु प्रकाश को दूसरा रिमाइंडर पत्र भेजा है।
सेफी के महासचिव संजय आर्या द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि इस विषय पर पहले 12 सितंबर 2025 को प्रतिवेदन और 17 दिसंबर 2025 को पहला रिमाइंडर भेजा जा चुका है, जिसे 18 दिसंबर 2025 को सीएमडी कार्यालय में प्राप्त भी कर लिया गया था।
यह मामला 26 नवंबर 2008 से 4 अक्टूबर 2009 की अवधि के दौरान अधिकारियों को देय परिलब्धियों के बकाया से संबंधित है, जिसका भुगतान फरवरी 2025 में किया गया था।
सेफी ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि लगभग 16 वर्षों की लंबी देरी के बाद बकाया राशि का भुगतान हुआ, जिसके लिए संगठन ने सीएमडी के नेतृत्व और पहल के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि न्यायिक पृष्ठभूमि और स्थापित सिद्धांतों के अनुसार, स्वीकार्य बकाया के विलंबित भुगतान पर ब्याज देना स्वाभाविक परिणाम माना जाता है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि अब तक इस मांग पर कोई औपचारिक जवाब नहीं मिला है। चाहे वह स्वीकृति हो या अस्वीकृति। इसी कारण यह दूसरा सौम्य रिमाइंडर भेजा गया है, ताकि यह विषय प्रबंधन के विचाराधीन बना रहे। सेफी का कहना है कि संगठन की स्थिति स्पष्ट होने से वह अपने सदस्यों को सही जानकारी दे सकेगा और पारदर्शिता बनी रहेगी।
सेफी ने यह भी दोहराया है कि उसका रुख रचनात्मक, सम्मानजनक और सहयोगात्मक है तथा यह पत्र किसी प्रकार का दबाव बनाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि एक औपचारिक अनुवर्ती प्रक्रिया के तहत भेजा गया है। संगठन ने सीएमडी से आग्रह किया है कि इस मामले की समीक्षा कर यथोचित निर्णय और उत्तर शीघ्र प्रदान किया जाए।











