BSP के पूर्व खेल अधिकारी व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सहीराम जाखड़ को बड़ी जिम्मेदारी, फेडरेशन कप के पर्यवेक्षक नियुक्त

Former BSP Sports Officer and international player Sahiram Jakhar Gets a big Responsibility, Appointed as Observer of Federation Cup
  • भारतीय वॉलीबॉल संघ ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी छत्तीसगढ़ वॉलीबॉल संघ को सौंपी है।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के भिलाई स्टील प्लांट के पूर्व अधिकारी एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी सहीराम जाखड़ को एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। भारतीय वॉलीबॉल फेडरेशन द्वारा आयोजित 37वीं फेडरेशन कप वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए उन्हें पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

भारतीय वॉलीबॉल फेडरेशन का यह निर्णय एसआर जाखड़ के समृद्ध खेल अनुभव, अनुशासन और वॉलीबॉल के प्रति लंबे समय से रहे समर्पण का सम्मान माना जा रहा है। उनके मार्गदर्शन से प्रतियोगिता के सुचारु और निष्पक्ष संचालन को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

भारतीय वॉलीबॉल संघ ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी छत्तीसगढ़ वॉलीबॉल संघ को सौंपी है। फेडरेशन कप का आयोजन 3 फरवरी से 8 फरवरी तक किया जाएगा। इस दौरान देश की सर्वश्रेष्ठ 8 महिला और 8 पुरुष टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी।

सभी मुकाबले बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में खेले जाएंगे, जहां खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी और दर्शकों को उच्च स्तरीय व रोमांचक मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा।

फेडरेशन कप वॉलीबॉल प्रतियोगिता को भारतीय वॉलीबॉल के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला अहम मंच माना जाता है। श्री सहीराम जाखड़ की पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्ति से इस आयोजन की गरिमा और भी बढ़ गई है।