Union Budget 2026 आते ही शेयर बाजार औंधे मुंह गिरा, सोना-चांदी संग SAIL, टाटा, JSW, कोल इंडिया, अडानी के शेयर भाव धड़ाम

Union Budget 2026 Stock Market Crashes Gold and Silver along with SAIL Tata JSW Coal India Adani Share Prices Plummet
  • स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के शेयर में जोरदार गिरावट दर्ज की गई।

सूचनाजी न्यूज, दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को आम बजट 2026 को पेश कर दिया है। इनकम टैक्स स्लैब में कोई छूट नहीं दी गई है। सोना ₹7,653 गिरकर ₹1,42,000 और चांदी ₹22,648 टूटकर ₹2,69,277 पर आ गई। वहीं, शेयर ट्रेडिंग में एफएंडओ पर एसटीटी 0.1 प्रतिशत से बढ़ाकर अब 0.15 प्रतिशत कर दिया गया है।

इसका असर यह हुआ कि बजट भाषण खत्म होते ही सोना, चांदी के भाव औंधे मुंह गिरने शुरू हो गए है। साथ ही देश की नामचीन कंपनियों कोल इंडिया, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल, जेएसडब्ल्यू, टाटा स्टील, अडानी के शेयर भाव धड़ाम हो गए हैं।

बता दें कि शेयर बाजार में प्रॉफिट बुकिंग पर लगने वाले टैक्स अब .15 प्रतिशत कर दिए गए हैं। पहले ये 0.1 प्रतिशत ही था। अब अतिरिक्त टैक्स देना होगा। यह बात निवेशकों को पसंद नहीं आई है। साथ ही भविष्य के शेयर यानी स्टाक बढ़ेगा या घटेगा, इस पर भी टैक्स लगाने का फैसला सरकार ने किया है।

केंद्रीय बजट पेश होते ही शेयर बाजार में बिकवाली का दबाव दिखा, जिसका असर बड़े औद्योगिक और धातु क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों पर साफ नजर आया। बजट से तत्काल राहत की उम्मीद कर रहे निवेशकों में निराशा दिखी और मुनाफावसूली के चलते कई दिग्गज शेयर लाल निशान में चले गए।

स्टील सेक्टर की प्रमुख सरकारी कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के शेयर में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। दोपहर 12:50 बजे तक एनएसई पर SAIL का शेयर 9.17 रुपये टूटकर 148.01 रुपये पर कारोबार करता दिखा, जो करीब 5.83 प्रतिशत की गिरावट है।

इसी तरह निजी क्षेत्र की बड़ी स्टील कंपनी टाटा स्टील भी बाजार के दबाव से नहीं बच सकी। दोपहर 12:51 बजे तक टाटा स्टील का शेयर 13.75 रुपये गिरकर 188.57 रुपये पर आ गया। इसमें लगभग 6.80 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

वहीं, JSW स्टील के शेयरों में भी कमजोरी देखने को मिली। कंपनी का शेयर 39.50 रुपये फिसलकर 1,198 रुपये पर ट्रेड करता दिखा, जो करीब 3.19 प्रतिशत की गिरावट को दर्शाता है।

कोयला क्षेत्र की दिग्गज कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड के शेयरों में भी भारी बिकवाली रही। दोपहर 12:51 बजे कोल इंडिया का शेयर 30 रुपये टूटकर 425.75 रुपये पर पहुंच गया। इसमें करीब 6.58 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

दूसरी ओर, अडानी ग्रुप की प्रमुख कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के शेयर भी दबाव में रहे। दोपहर 12:52 बजे कंपनी का शेयर 41.20 रुपये गिरकर 1,978 रुपये पर कारोबार करता दिखा, जो लगभग 2.04 प्रतिशत की गिरावट है।

बाजार विश्लेषकों के मुताबिक बजट के तुरंत बाद निवेशक प्रावधानों का आकलन करने में जुटे हैं और अल्पकालिक अनिश्चितता के कारण बिकवाली बढ़ी है। खासतौर पर स्टील, मेटल और एनर्जी सेक्टर के शेयरों पर इसका असर ज्यादा देखने को मिला। आने वाले सत्रों में बजट के दीर्घकालिक प्रभाव और नीतिगत संकेतों के आधार पर बाजार की दिशा साफ होने की उम्मीद जताई जा रही है।