- सेक्टर 4 व सेक्टर 2 में कब्जेदार पर कार्रवाई की गई।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। नगर प्रशासन के प्रवर्तन अनुभाग ने अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए सेक्टर-4 और सेक्टर-2 स्थित दो आवासों को न्यायालय के आदेश पर रिक्त करा लिया। संपदा न्यायालय द्वारा पारित डिक्री के अनुपालन में यह कार्रवाई 10 और 11 फरवरी 2026 को की गई।
सेक्टर-4 में बेदखली, आवास सील
आवास क्रमांक 16D, सड़क-26, सेक्टर-4 के अवैध कब्जाधारी के विरुद्ध न्यायालय ने पूर्व में डिक्री आदेश जारी किया था। प्रवर्तन टीम द्वारा लगातार नोटिस और समझाइश के बावजूद कब्जाधारी आवास खाली नहीं कर रहा था। अंततः 10 फरवरी 2026 को टीम ने सख्ती दिखाते हुए कब्जाधारी को उसके सामान सहित बेदखल कर दिया और आवास को सील कर दिया।
साथ ही लाइसेंस आवंटी को निर्देशित किया गया है कि वे विधिवत अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए संबंधित रखरखाव कार्यालय से संपर्क करें।
सेक्टर-2 में भी कार्रवाई
इसी क्रम में आवास क्रमांक 9C, एवेन्यू-बी, सेक्टर-02 को 11 फरवरी 2026 को खाली कराया गया। इस आवास में एक सेवानिवृत्त शासकीय अधिकारी अवैध रूप से काबिज थे। न्यायालय की डिक्री के अनुपालन में यहां भी लगातार प्रयास किए गए, जिसके बाद अंततः बेदखली की कार्रवाई पूरी की गई।
अधिकारियों के नेतृत्व में संयुक्त अभियान
यह संपूर्ण कार्रवाई इंफोर्समेंट डिपार्टमेंट के मुखिया सहायक महाप्रबंधक रेमी थॉमस के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभियान में उप प्रबंधक मुकुन्द दास मानिकपुरी, सहायक प्रबंधक देवानंद चौहान, संपदा निरीक्षकगण और प्रवर्तन दल के पुरुष एवं महिला गार्ड्स सहित पुलिस बल के जवान शामिल रहे।
बीएसपी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।











