- आरआईएनएल-विशाखापत्तनम, टाटा स्टील, राउरकेला स्टील प्लांट, सलेम स्टील प्लांट, जेएसडब्ल्यू-बेल्लारी, इस्को स्टील प्लांट, दुर्गापुर स्टील प्लांट तथा बोकारो स्टील प्लांट की टीमें खेलीं।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। स्टील प्लांट्स स्पोर्ट्स बोर्ड (एसपीएसबी) के तत्वावधान में सत्र 2025-26 के लिए बोकारो इस्पात संयंत्र की मेजबानी में आयोजित इंटर-स्टील प्लांट्स क्रिकेट चैंपियनशिप का फाइनल मैच 14 फरवरी को बीएसएल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। रोमांचक मुकाबले में बोकारो स्टील प्लांट की टीम ने इस्को स्टील प्लांट को 90 रनों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
चैंपियनशिप के समापन समारोह में बीएसएल की अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएँ) कुंदन कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन-एल एंड डी) नीता बा, महाप्रबंधक (संपर्क एवं प्रशासन) सी.आर.के. सुधांशु, महाप्रबंधक (सीईडी) ए.के. अविनाश सहित अन्य वरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित थे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि सुश्री बनर्जी ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान करते हुए खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विभिन्न स्टील संयंत्रों के बीच सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को सुदृढ़ करते हैं। साथ ही उन्होंने सभी टीमों को बधाई देते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में कुल नौ टीमों ने भाग लिया, जिनमें आरआईएनएल-विशाखापत्तनम, टाटा स्टील, राउरकेला स्टील प्लांट, सलेम स्टील प्लांट, जेएसडब्ल्यू-बेल्लारी, इस्को स्टील प्लांट, दुर्गापुर स्टील प्लांट तथा बोकारो स्टील प्लांट की टीमें शामिल थीं।
14 फरवरी को खेले गए फाइनल मुकाबले में बोकारो स्टील प्लांट के खिलाड़ी आदित्य सिंह को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ तथा ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।











