सेक्टर 9 में ‘सर्व स्वास्थ्य केंद्र’ का उद्घाटन, फ्री प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लीजिए लाभ

SAIL BSL Inauguration of Sarva Swasthya Kendra in Sector 9 Providing Free Primary Health Services
  • कमजोर वर्ग के लोगों पर चिकित्सा व्यय का बोझ कम करने और उनके स्वास्थ्य के अधिकार को सुनिश्चित करने पर जोर।

सूचनाजी न्यूज, बोकारो। बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत वंचित वर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में सेक्टर 9 में ‘सर्व स्वास्थ्य केंद्र’ का गरिमामय उद्घाटन किया गया। इस केंद्र का उद्घाटन मुख्य अतिथि बोकारो इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री प्रिय रंजन द्वारा किया गया।

उल्लेखनीय है कि इस केंद्र के संचालन हेतु 21 फरवरी 2026 को सेल-बीएसएल और पिरामल स्वास्थ्या मैनेजमेंट एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (PSMRI) के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoA) पर हस्ताक्षर किए गए थे।

इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी, अधिशासी निदेशक (सामग्री प्रबंधन) चित्त रंजन मिश्रा, अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. बी. बी. करुणामय, अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनुप कुमार दत्त, अधिशासी निदेशक (खान) विकास मनवती एवं मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएं) अनिमा कुशवाहा विशेष रूप से उपस्थित थीं। कार्यक्रम के दौरान सहायक प्रबंधक (निगमित सामाजिक दायित्व) श्री प्रवीण कुमार ने उपस्थित अतिथियों को संबोधित किया।

सेक्टर 9 स्थित यह ‘सर्व स्वास्थ्य केंद्र’ बोकारो और उसके आस-पास के क्षेत्रों में रहने वाले गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) के लाभार्थियों को निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएँ प्रदान करेगा। केंद्र में ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की नियमित जांच, साप्ताहिक एक्स-रे और ईसीजी जैसी नैदानिक सेवाएँ तथा आवश्यक दवाएँ पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएँगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों पर चिकित्सा व्यय का बोझ कम करना और उनके स्वास्थ्य के अधिकार को सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (निगमित सामाजिक दायित्व) पीपी. चक्रवर्ती, सहायक महाप्रबंधक (निगमित सामाजिक दायित्व) ऋचा कुणाल, सूरज चंद्र तिवारी, संजीव कुमार सिंह, गौरव कुमार, संतोष कुमार सहित सीएसआर टीम तथा सर्व स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही।

यह केंद्र गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की दिशा में बोकारो इस्पात संयंत्र की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील पहल है। यह न केवल वंचित वर्ग के लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करेगा, बल्कि एक स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण के प्रति बीएसएल की अटूट प्रतिबद्धता को भी सुदृढ़ करेगा।