इस्पात सचिव पहुंचे कोक ओवन बैटरी 8 देखने, अफसर बोले-सर, बैटरी 12 का प्रस्ताव कारपोरेट आफिस गया है…

Steel Secretary Sandeep Poundrik Visited Coke Oven Battery 8 Officials Said Battery 12 Would Bring Huge Savings

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। इस्पात मंत्रालय के सचिव संदीप पौंड्रिक भिलाई स्टील प्लांट पहुंचे। निर्माणाधीन कोक ओवन बैटरी 8 को जल्द से चालू करने पर बातचीत। मैनपॉवर कम करने और प्रोडक्टिविटी बढ़ाने पर जोर दिया। इस पर अधिकारियों ने कहा-सर, आउट डेटेड बैटरी को बंद करके नई बैटरी बनाने का प्लान है। कोक ओवन बैटरी नंबर 12 के प्रस्ताव की फाइल एक साल पहले कारपोरेट आफिस भेजी गई है। इस बैटरी के आने के बाद खर्च में काफी कमी आएगी और प्रोडक्शन की रफ्तार बढ़ जाएगी। मैनपॉवर की लागत भी कम हो जाएगी। टेक्नोलॉजी का लाभ मिलेगा।

बता दें कि Steel Authority of India Limited के Bhilai Steel Plant में कोक ओवन एंड कोल केमिकल विभाग की बैटरी नंबर 7 और 8 के पुनर्निर्माण का कार्य लगभग एक साथ ही शुरू किया गया था। यह परियोजना संयंत्र की उत्पादन क्षमता बढ़ाने और आधुनिक तकनीक को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बैटरी नंबर 7 को 30 जनवरी 2026 को सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया। कमीशनिंग के बाद 31 मार्च 2026 तक इस बैटरी से लगभग 28 हजार टन कोक का उत्पादन किया जा चुका है। इससे संयंत्र के उत्पादन कार्य को नई मजबूती मिली है।

वहीं, बैटरी नंबर 8 के निर्माण कार्य में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। इसकी रिफ्रैक्टरी का काम पूरा कर लिया गया है। फिलहाल अन्य जरूरी कार्य जारी हैं और इसे भी जल्द चालू करने की तैयारी की जा रही है। दोनों बैटरी को चालू करने में करीब 6 माह का अंतर माना जा रहा था। यह अवधि और बढ़ सकती है।

प्रबंधन का कहना है कि दोनों बैटरियों से कोक उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी होगी, जिससे स्टील उत्पादन प्रक्रिया को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही संयंत्र की कार्यकुशलता और विश्वसनीयता भी बेहतर होगी। भिलाई इस्पात संयंत्र में चल रही यह परियोजना भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निवेश मानी जा रही है।