IISCO Steel Plant: पहले सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वर्क्स एरिया का टाइम था। नॉन वर्क्स में सुबह 9 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक।
सूचनाजी न्यूज, बर्नपुर। IISCO Steel Plant में अधिकारियों के लिए जनरल शिफ्ट (जी-शिफ्ट) का समय बदल दिया गया है। Steel Authority of India Limited के आईएसपी प्रबंधन ने इस संबंध में आधिकारिक सर्कुलर जारी किया है। नया समय 1 जून 2026 से प्रभावी होगा।
मानव संसाधन-संगठन विकास विभाग की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक, वर्क्स विभागों में कार्यरत अधिकारियों के लिए जी-शिफ्ट का समय संशोधित किया गया है। नए आदेश के अनुसार सुबह 8:30 बजे से जी-शिफ्ट शुरू होगी। दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक रीसस पीरियड रहेगा, जबकि शाम 5:30 बजे जी-शिफ्ट समाप्त होगी।
पहले सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वर्क्स एरिया का टाइम था। नॉन वर्क्स में सुबह 9 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक। फिलहाल, नॉन वर्क्स एरिया के अधिकारियों की टाइमिंग में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कर्मचारियों के टाइमिंग को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है। यूनियन से सहमति नहीं बनने की वजह से प्रबंधन ने सिर्फ अधिकारियों के लिए आदेश जारी किया है।
ईएसपी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जारी किया गया है। सर्कुलर पर जीएम (एचआर-ओडी एंड एचआरआईएस) रणदीप बनर्जी के हस्ताक्षर हैं। इस आदेश की प्रतिलिपि सभी ईडी, सीजीएम और संबंधित विभागों को भेजी गई है। साथ ही इसे सेल-आईएसपी पोर्टल और एचआर वेबसाइट पर भी अपलोड किया गया है।

