भिलाई में भरोसे का खामियाजा: पेशाब करने रुका युवक, चंद सेकंड में बाइक लेकर चंपत हुआ लिफ्ट लेने वाला चोर। एफआइआर दर्ज।
- रास्ते में मांगी थी लिफ्ट, कुछ ही देर बाद मौका मिलते ही पल्सर बाइक लेकर भाग निकला अज्ञात युवक।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई में भरोसा करना एक युवक को भारी पड़ गया। जिस अज्ञात व्यक्ति को उसने मदद के तौर पर अपनी बाइक पर लिफ्ट दी। वही, मौका मिलते ही उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चलने पर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार डबरापारा उत्तर वार्ड-12, शिव मंदिर के पास जीई रोड भिलाई निवासी श्रीराम पासी कारपेंटर का काम करते हैं। उनकी पत्नी सुधा पासी घर के पास नाश्ते की दुकान संचालित करती हैं।
श्रीराम पासी ने बताया कि 12 जून 2026 की शाम उनकी पत्नी ने उन्हें पावर हाउस मार्केट से दुकान के लिए कुछ सामान लाने को कहा था। वह अपनी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 DC 6881 से निकलने की तैयारी कर रहे थे। उसी दौरान दुकान के पास बैठा एक अज्ञात व्यक्ति, जिसने खुद को रिसाली का निवासी बताया, उनसे आगे तक लिफ्ट मांगने लगा। मानवता के नाते श्रीराम ने उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया। दोनों सेक्टर-2 स्थित कपड़ा मार्केट की ओर निकल गए। रास्ते भर वह व्यक्ति उनके साथ ही रहा।
पेशाब करने रुका, चाबी लगी छोड़ दी बाइक
शाम करीब 6.30 बजे दोनों महिला पेट्रोल पंप के पास पहुंचे। इसी दौरान श्रीराम को पेशाब लगी तो उन्होंने सड़क किनारे बाइक रोक दी। जल्द लौटने की सोचकर उन्होंने बाइक की चाबी भी गाड़ी में ही लगी रहने दी और कुछ दूरी पर चले गए। इसी बीच पीछे बैठा अज्ञात व्यक्ति बाइक स्टार्ट कर फरार हो गया। जब तक श्रीराम वापस लौटे, तब तक वह काफी दूर निकल चुका था। पीड़ित ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी नहीं रुका।
तीन दिन तक तलाश करता रहा, फिर पहुंचा थाने
पीड़ित के मुताबिक घटना के बाद उसने अपने स्तर पर मोटरसाइकिल की काफी तलाश की। 15 जून तक खोजबीन करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद वह थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि यदि आरोपी सामने आए तो वह उसे पहचान सकता है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। यह घटना एक बार फिर लोगों को सावधान करती है कि अनजान लोगों को लिफ्ट देने और वाहन में चाबी लगी छोड़ने जैसी छोटी लापरवाही भी बड़ा नुकसान करा सकती है।

