बीएसएल टीम ने जन-केंद्रित पहलों और कार्यसंस्कृति में आए सकारात्मक बदलावों को बेहतर ढंग से प्रस्तुत कर शीर्ष स्थान हासिल किया।
- टीम ने “बियोंड पॉलिसीज: एचआर एज द आर्किटेक्ट ऑफ परफॉर्मेंस कल्चर” विषय पर अपना प्रभावी प्रस्तुतीकरण दिया।
- एमटीआई रांची में आयोजित तृतीय सेल एचआर कॉन्क्लेव में बोकारो इस्पात संयंत्र की टीम को मिली सफलता।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान (एमटीआई), रांची में तृतीय सेल एचआर कॉन्क्लेव के दौरान आयोजित अंतर-इकाई (इंटर-यूनिट) प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता में बोकारो इस्पात संयंत्र की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की। इस कॉन्क्लेव का मुख्य विषय “बियोंड पॉलिसीज: एचआर एज द आर्किटेक्ट ऑफ परफॉर्मेंस कल्चर” रखा गया था। दो दिवसीय इस गरिमामय आयोजन का मुख्य उद्देश्य इस्पात प्राधिकरण में नीतियों से आगे बढ़कर एक उच्च प्रदर्शन संस्कृति के निर्माण में मानव संसाधन की भूमिका को रेखांकित करना था।
कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों के दौरान प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान (एमटीआई), सेल के अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास) द्वारा सभी आगत अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके उपरांत निदेशक (कार्मिक) सेल केके सिंह ने अपने संबोधन में संगठन के विकास में मानव संसाधन की रणनीतिक भूमिका पर प्रकाश डाला। सम्मेलन के दौरान अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, सेल द्वारा अपने मुख्य भाषण (की-नोट एड्रेस) में सभी अधिकारियों को प्रेरित करते हुए भविष्य के संगठनात्मक लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रदर्शन-उन्मुख संस्कृति को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया।
कॉन्क्लेव में आयोजित अंतर-इकाई प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता में बोकारो इस्पात संयंत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एच. शेखर, सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन) शिप्रा हेम्ब्रम तथा वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन) सुष्मिता सोरेन की टीम ने “बियोंड पॉलिसीज: एचआर एज द आर्किटेक्ट ऑफ परफॉर्मेंस कल्चर” विषय पर अपना प्रभावी प्रस्तुतीकरण दिया। टीम ने बीएसएल में लागू की जा रही जन-केंद्रित पहलों और कार्यसंस्कृति में आए सकारात्मक बदलावों को बेहतर ढंग से प्रस्तुत कर यह शीर्ष स्थान अर्जित किया।
यह उपलब्धि बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा अपने कार्मिकों के सशक्तिकरण, कार्यकुशलता में संवर्धन तथा एक सशक्त संगठनात्मक संस्कृति के निर्माण की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाती है। एमटीआई में प्राप्त यह सफलता न केवल बीएसएल की मानव संसाधन टीम के समर्पण को रेखांकित करती है, बल्कि संयंत्र के समग्र उत्पादन, गुणवत्ता एवं परिचालन उत्कृष्टता के लक्ष्यों को हासिल करने में भी एक उत्प्रेरक का कार्य करेगी।

