सेल इस्को स्टील प्लांट बर्नपुर यूनियन चुनाव काफी रोमांचक हो गया है। सभी यूनियनों ने अपनी-अपनी ताकत झोंक दी है। पढ़ें सूचनाजी.कॉम की पड़ताल।
अज़मत अली, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल के इस्को स्टील प्लांट बर्नपुर में यूनियन चुनाव काफी रोमांचक हो गया है। सभी यूनियनों ने अपनी-अपनी ताकत झोंक दी है। प्लांट से टाउनशिप तक प्रचार अभियान चल रहा। 3517 वोटरों को लुभाने के लिए हर तरह के दांव खेले जा रहे। 24 सितंबर को कर्मचारी वोट डालेंगे। कर्मचारियों ने भी सबको भ्रमित कर दिया है। हर यूनियन से नज़दीकी और मेंबरशिप से सटिक दावा कोई नहीं कर पा रहा है।
सूचनाजी.कॉम ने मेंबरशिप को लेकर पड़ताल की। इंटक, बीएमएस, सीटू, एटक, एचएमएस, आइएमयू के पदाधिकारियों से बातचीत की। मेंबरशिप की जानकारी मांगी। नेताओं ने बेबाकी से संख्या बताई। मौजूद आंकड़ों के अनुसार आइएसपी बर्नपुर में यूनियनों की मेंबरशिप 6677 है। जबकि एक यूनियन ने आंकड़ा बताने से ही इन्कार कर दिया। तृणमूल समर्थित एक अन्य यूनियन की भी तस्वीर साफ नहीं हो सकी है। अन्यथा ये आंकड़ा 8 हजार को पार कर जाता।
इस्को स्टील प्लांट बर्नपुर में 3517 नियमित कर्मचारी हैं। ठेका मजदूरों की संख्या 14800 है। इसमें प्रोडक्शन से जुड़े ठेका मजदूरों की संख्या 8500 है। डिप्लोमा इंजीनियर करीब 1600 हैं। सूचनाजी.कॉम ने नियमित कर्मचारियों की मेंबरशिप पर आधारित स्टोरी तैयार की है।
आप भी जानिए किस यूनियन की कितनी मेंबरशिप
बीएमएस: 1950
इंटक: 1900
एटक 1250
सीटू: 600
एचएमएस: 500
आइएमयू: 477
बीएमएस ज्वाइंट सेक्रेटरी श्रीकांत
बीएमएस कर्मचारियों के मुद्दों पर काफी मजबूत स्थिति में है। कर्मचारी खुलकर सहयोग कर रहे हैं। यूनियन के 1950 सक्रिय मेंबर हैं। कर्मचारी अब रिटायर्ड यूनियन लीडर को देखना पसंद नहीं कर रहे हैं। ये भी बड़ा मुद्दा बना हुआ है।
सीटू महासचिव सौरन चटर्जी
आइएसपी बर्नपुर के कर्मचारियों को सबकुछ समझ में आ रहा है। फर्जी और झूठे दावे करके झांसेबाजी में लेने के लिए कुछ यूनियन नेता हर तरफ झूठ परोस रहे हैं। सीटू ईमानदारी से काम कर रही है। 600 की मेंबरशिप है।
इंटक महासचिव विप्लब माजी
आइएसपी कर्मचारियों को पता है कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की वजह से ही सेल कर्मचारी परेशान हो रहे हैं। एरियर का पैसा रुका हुआ है। अपने हक के लिए इंटक के बैनर तले कर्मचारी संघर्ष कर रहे हैं। यूनियन की मेंबरशिप 1900 है।
एचएमएस महासचिव मुमताज अहमद
इस्को स्टील प्लांट बर्नपुर के कर्मचारियों के बीच एचएमएस प्रचार-प्रसार कर रहा है। हम लोग फर्जी दावे और हवा-बाजी नहीं करते। जमीन पर काम करने वाले हैं। एचएमएस के 500 सदस्य हैं। सब अपने-अपने स्तर पर लगे हैं।
एटक के केंद्रीय नेता विद्यासागर गिरी
यूनियन पदाधिकारियों को संगठित करने और मजबूती से चुनाव लड़ने का मंत्र देने एनजेसीएस सदस्य विद्यासागर गिरी बर्नपुर पहुंच चुके हैं। कर्मचारियों के साथ बैठक होगी। मीडिया के सवालों का जवाब दिया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार की पोल खोली जाएगी।
एआइयूटीसी महासचिव शंकर साहू इन्कार कर गए
एआइयूटीसी के महासचिव शंकर साहू ने कहा-मेरी यूनियन की कितनी मेंबरशिप है, ये मैं सार्वजनिक नहीं कर सकता हूं। सीएलसी के पास जमा कर दूंगा। मैं आपको नहीं बता सकता।
आइएमयू अध्यक्ष समरेंद्र नाथ गांगुली
इस्को बर्नपुर वर्क्स मजदूर यूनियन-आइएमयू अध्यक्ष समरेंद्र नाथ गांगुली का कहना है कि इस बार मेंबरशिप 477 लोगों की है।

