सात यूनियनों के बीच होने वाले इस चुनाव में किस संगठन को कर्मचारियों का समर्थन मिलता है, यह 24 सितंबर को मतगणना के बाद सामने आएगा।
- अब 24 सितंबर को होने वाले मतदान पर बर्नपुर स्टील प्लांट के कर्मचारियों की निगाहें टिक गई हैं।
सूचनाजी न्यूज, बर्नपुर। सेल के इस्को स्टील प्लांट बर्नपुर (ISP) में होने वाले यूनियन मान्यता चुनाव को लेकर तस्वीर अब साफ हो गई है। 24 सितंबर को होने वाले चुनाव के लिए सात यूनियनों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए हैं। डिप्टी सीएलसी केसी साहू के कार्यालय में हुई बैठक में चुनाव चिह्न जारी किए गए। इसके साथ ही बैलेट पेपर पर यूनियनों के नाम और उनके चुनाव चिह्न भी दर्ज कर दिए गए हैं।
बैलेट पेपर के मुताबिक चुनाव में सात यूनियन आमने-सामने हैं। कर्मचारियों को मतदान के दौरान इनमें से किसी एक यूनियन के चुनाव चिह्न के सामने ही अपना वोट देना होगा। एक से अधिक यूनियन के पक्ष में निशान लगाने पर मतपत्र रद्द हो जाएगा।
बैलेट पेपर पर किस यूनियन को कौन सा चुनाव चिह्न
01. आसनसोल बर्नपुर कुल्टी मेटल एंड इंजीनियरिंग वर्कर्स यूनियन-CITU का हथौड़ा चुनाव चिह्न।
02. आसनसोल आयरन एंड स्टील वर्कर्स यूनियन- INTUC का मशाल चुनाव चिह्न।
03. बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ- BMS का चुनाव चिह्न हाथ में बाली पकड़े।
04. इस्को एम्प्लॉईज यूनियन (IISCO Employees Union)- AIUTUC का सितारा चुनाव चिह्न।
05. इंडियन आयरन एंड स्टील कंपनी लिमिटेड (बर्नपुर वर्क्स) मजदूर यूनियन-IMU का चुनाव चिह्न हाथ में पाना पकड़े।
06. आयरन, स्टील एंड इंजीनियरिंग वर्कर्स यूनियन, बर्नपुर, कुल्टी- HMS का चुनाव चिह्न चक्र साथ में गैती।
07. यूनाइटेड आयरन एंड स्टील वर्कर्स यूनियन- AITUC का चुनाव चिह्न 2 मजदूर झंडा पकड़े।
बैलेट पेपर में प्रत्येक यूनियन का नाम हिंदी और अंग्रेजी में दर्ज है। उसके सामने संबंधित चुनाव चिह्न दिया गया है। इससे मतदान के दिन कर्मचारियों को अपनी पसंद की यूनियन पहचानने में आसानी होगी।
एक से अधिक निशान लगाया तो मतपत्र रद्द
चुनाव प्रक्रिया में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मतदाता को केवल एक यूनियन के पक्ष में मतदान करना है। यदि किसी कर्मचारी ने दो या उससे अधिक यूनियनों के चुनाव चिह्न पर निशान लगा दिया तो मतपत्र अमान्य यानी कैंसिल माना जाएगा। लिहाजा मतदान के दौरान कर्मचारियों को बैलेट पेपर पर खास सावधानी बरतनी होगी।
चुनाव की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में विभिन्न यूनियनों के श्रमिक नेता मौजूद रहे। बीएमएस से संजीत बनर्जी और महेश बनर्जी, इंटक से अजय राय और बीडी सिंह तथा एटक से विद्यासागर गिरी और प्रदीप साहू, सीटू से सोरेन चटर्जी, प्रतीक गुप्ता, एचएमएस से नजमुर्रहमान, आइएमयू से एस गांगुली, इस्को इम्पइज यूनियन से लब कुमार मन्ना समेत अन्य श्रमिक नेताओं ने बैठक में भाग लिया।
अब 24 सितंबर को होने वाले मतदान पर बर्नपुर स्टील प्लांट के कर्मचारियों की निगाहें टिक गई हैं। सात यूनियनों के बीच होने वाले इस चुनाव में किस संगठन को कर्मचारियों का समर्थन मिलता है, यह मतगणना के बाद सामने आएगा।




