बीएसपी के कोक ओवन बैटरी 5 में मजदूर की मौत। ठेका कंपनी के अधीन मजदूर कार्य कर रहा था। हादसे का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल भिलाई स्टील प्लांट में हादसा हो गया है। एक मजदूर की मौत हो गई है। हर तरफ अफरातफरी मच गई है। हादसे के बाद मजदूर को मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को सेक्टर 9 हॉस्पिटल की मरच्यूरी में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि बीएसपी के कोक ओवन बैटरी 5 में मिनी पोकलैन मजदूर चला रहा था। केबिन के अंदर मशीन में दब गया। हादसे का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। दबने की वजह से सांस नहीं ले पाया और जान चली गई। किसी तरह मजदूर को बाहर निकालकर मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया।
बीएसपी में उत्कल प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के अधीन कार्य करने वाले ठेका मजदूर ललित कुमार साहू की मौत हो गई है। 33 वर्षीय ललित राजनांदगांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मरौदा गेट से आवाजाही करते हैं। हादसे की खबर लगते ही बीएसपी के उच्चाधिकारी और ट्रेड यूनियन के नेता घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए हैं।
हादसे के बाद बीएसपी प्रबंधन की ओर से मृत परिवार को दिए जाने वाली सुविधाओं आदि को लेकर मंथन शुरू हो गया है। मंगलवार को पंचनामा के बाद पुलिस पोस्टमार्टम कराएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सुपुर्द कर दिया जाएगा। फिलहाल, परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मौत की खबर मिलते ही रिश्तेदार और साथी मजदूर सेक्टर 9 हॉस्पिटल पहुंच गए थे।




