- करीब 90 प्रतिशत लोगों ने स्वयं ही अपने अवैध कब्जे हटा लिए।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। जिस अतिक्रमण को हटाने में बीते बीस वर्षों में कोई भी प्रशासन सफल नहीं हो पाया, वह अब संभव हो सका है। आमदी नगर हुडको सेक्टर के मुख्य मार्ग को नगर पालिका निगम भिलाई के जोन क्रमांक 5 के राजस्व विभाग द्वारा अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया है।
कलेक्टर के स्पष्ट आदेश के बाद की गई इस कार्रवाई से न सिर्फ सड़क पर आवागमन सुचारू हुआ है, बल्कि वर्षों से परेशान रहवासियों ने भी राहत की सांस ली है।
मुख्य मार्ग पर रहने वाले कई आवास धारकों ने एक-दूसरे की देखा-देखी बाउंड्री वॉल से आगे शेड लगाकर अवैध कब्जा कर लिया था। वहीं, घरों में दुकान संचालित करने वाले दुकानदारों ने भी मनमाने ढंग से शेड बनाकर सड़क को संकरा कर दिया था।
इसके चलते पैदल चलने वालों, दुपहिया और चारपहिया वाहनों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा वर्षों से लगातार शिकायतें दर्ज कराई जा रही थीं, लेकिन अब तक निगम प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई थी।
वास्तविकता यह है कि वर्ष 2008 से पूर्व हुडको सेक्टर भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के अधीन था। बीएसपी द्वारा ही इस सेक्टर का नियोजित विकास किया गया था और अन्य टाउनशिप सेक्टरों की तरह यहां भी मुख्य मार्ग के दोनों ओर पर्याप्त खुली जगह छोड़ी गई थी। उस समय मुख्य सड़क लगभग 30 फीट चौड़ी थी, जिसे बाद के वर्षों में अतिक्रमण कर धीरे-धीरे संकुचित कर दिया गया। वर्ष 2008 के बाद अवैध कब्जों में तेजी से वृद्धि हुई और देखते ही देखते सड़क अतिक्रमण की चपेट में आ गई।
चूंकि हुडको की भूमि नजूल श्रेणी की है और क्षेत्र में नगरीय सुविधाएं नगर पालिका निगम भिलाई द्वारा उपलब्ध कराई जाती हैं, इसलिए भूमि की स्थिति को लेकर लंबे समय तक कार्रवाई टलती रही।
इसी का फायदा उठाकर अतिक्रमणकारी बेखौफ होते चले गए। हालांकि कलेक्टर के निर्देश के बाद निगम प्रशासन को अतिक्रमण हटाने के लिए बाध्य होना पड़ा और जोन क्रमांक 5 के राजस्व विभाग ने सख़्ती के साथ कार्रवाई शुरू की।
निगम द्वारा एक दिन में की गई बेदखली कार्रवाई के बाद प्रतिदिन ध्वनि विस्तारक यंत्र से मुनादी कराई जा रही है।
इसका असर यह हुआ कि करीब 90 प्रतिशत लोगों ने स्वयं ही अपने अवैध कब्जे हटा लिए। अब बीएसपी द्वारा छोड़ी गई लगभग 40 फीट चौड़ी सड़क पूरी तरह साफ दिखाई दे रही है, जिससे क्षेत्र की तस्वीर ही बदल गई है।
जो रहवासी शुरू से ही नियमों का पालन करते हुए बिना किसी अतिक्रमण के रह रहे थे, उन्होंने निगम प्रशासन की इस पहल का खुलकर स्वागत किया है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका निगम भिलाई के आयुक्त की सजगता और पारदर्शी कार्यवाही की सराहना करते हुए मांग की है कि भविष्य में भी इसी तरह नियमित रूप से अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाए, ताकि दोबारा अवैध कब्जे न पनप सकें।











