Breaking News: सेल बोनस समझौते पर सभी यूनियन नेताओं ने साइन कर दिया है। ट्रेनीज को 25 हजार 600 रुपए दिया जाएगा।
सूचनाजी न्यूज, दिल्ली। सेल कर्मचारियों का बोनस इस बार शांतिपूर्वक तय हो गया है। कोई विवाद की स्थिति नहीं बनी। पिछले साल की तुलना में इस बार अधिक बोनस मिलने जा रहा है। 32 हजार रुपए नियमित कर्मचारियों के खाते में बोनस की राशि आएगी। ट्रेनीज को 25 हजार 600 रुपए दिया जाएगा। इस राशि को तय करने के लिए दिल्ली में एनजेसीएस सदस्यों की सेल प्रबंधन के साथ बैठक हुई। तय समय से काफी देरी से बैठक शुरू हुई, लेकिन साढ़े 5 बजे तक बोनस पर समझौता भी हो गया। समझौते के पत्र पर सीटू को छोड़कर सभी एनजेसीएस सदस्यों ने साइन कर दिए हैं।
सीएमडी से बातचीत के बाद डायरेक्टर पर्सनल केके सिंह ने मीटिंग में मौजूद एनजेसीएस सदस्यों को जानकारी दी कि 32 हजार से अधिक बोनस नहीं दे सकते हैं। प्रस्ताव को शुरुआत में मानने को कोई तैयार नहीं था। काफी गहमा-गहमी के बाद 32 हजार रुपए पर सभी यूनियन नेता तैयार हो गए। समझौते पर सभी यूनियन नेताओं ने साइन कर दिए। ट्रेनीज को 25 हजार 600 रुपए दिया जाएगा।
यूनियन नेताओं ने कहा था कि बोनस फॉर्मूला से ऊपर ही राशि कर्मचारियों को दी जाए। प्रबंधन ने यूनियन की मांग को खारिज कर दिया। काफी देर तक बातचीत के बाद डायरेक्टर पर्सनल केके सिंह मीटिंग से बाहर गए थे। बताया जा रहा है कि सीएमडी से विचार-विमर्श करने गए थे। अन्य अधिकारी भी अलग से मीटिंग कर रहे थे।
बता दें कि प्रबंधन ने बोनस फार्मूले के अनुसार ₹30109 रुपए बोनस देने का प्रस्ताव रखा। इसको राउंड फिगर करते हुए ₹31200 देने का प्रस्ताव आया है। वहीं, ट्रेनीज को 24 हजार 960 रुपए देने का प्रस्ताव मीटिंग शुरू होते ही दिया था। मैनेजमेंट सेल प्रबंधन के डायरेक्टर पर्सनल केके सिंह, डायरेक्टर वाणिज्य टीएन नटराजन, मुख्य महाप्रबंधक HR संजीव कुमार गुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक एफ एंड ए पवन कुमार अग्रवाल, जीएम मलय आदि मौजूद हैं।
बोनस मीटिंग में एनजेसीएस से इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाक्टर जी. संजीवा रेड्डी, बोकारो से बीएन चौबे, BMS से श्रीनिवास राव, रंजय कुमार, सीटू दुर्गापुर स्टील प्लांट से ललित मोहन मिश्र, भिलाई स्टील प्लांट से डीवीएस रेड्डी, एचएमएस से संजय वढावकर, बोकारो से राजेंद्र सिंह, AITUC से विद्यासागर गिरी और बोकारो स्टील प्लांट से रामाश्रय प्रसाद उपस्थित हैं।
