FSNL में 30 मार्च की हड़ताल को बीएसपी इंटक का समर्थन, संयुक्त यूनियन भी साथ

  • संयुक्त ट्रेड यूनियन बैठक कर हड़ताल पर अपना समर्थन स्पष्ट करेगी और सभी यूनियन एक स्वर में मज़दूरों के शोषण का विरोध करेगी।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। फेरो स्क्रैप निगम लिमिटेड-एफएसएनएल कोनाइके के कर्मचारियों और मजदूरों के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। 812 श्रमिकों को HSLT लेबर के समान स्थायी रखने, नए ठेकेदार और 35000 वेतन के साथ साथ समस्त सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है। मुख्य नियोक्ता भिलाई इस्पात संयंत्र है, इसलिए बीएसपी की जिम्मेदारी भी है।

FSNL बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक अरुण सिंह सिसोदिया ने इंटक के महासचिव संजय साहू से मिलकर हड़ताल में समर्थन मांगा। संजय साहू ने कहा कि श्रमिक हितों की रक्षा के लिए सदैव इंटक संघर्ष करता रहा है और हज़ारों को सीधे लाभ दिलाया है।

अगर एफएसएनएल कोनॉइके, लखोटिया या जीएसडब्ल्यू माइनिंग ने मज़दूरों को वर्तमान सूची के अनुसार कार्य पर नहीं रखा और छंटनी किया तो उसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। और कोई ठेकेदार को भिलाई इस्पात संयंत्र में श्रम कानूनों का उल्लंघन नहीं करने दिया जाएगा।

संजय साहू के मुताबिक संयुक्त यूनियन नेताओं की बैठक इंटक कार्यालय में हुई। एफएसएनएल बचाओ संघर्ष समिति द्वारा श्रमिकों की छंटनी एवं निजीकरण के खिलाफ चलाए जा रहे आंदोलन और हड़ताल का समर्थन किया गया। संयुक्त ट्रेड यूनियन ने अपना समर्थन स्पष्ट किया और सभी यूनियन एक स्वर में मज़दूरों के शोषण का विरोध करेगी।