भिलाई स्टील प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की पहल, बाहरी विभागों के CGM मौके पर जाकर देख रहे छिपे खतरे, ताकि हादसे रुके।
- आप भी बीएसपी के हेल्पलाइन नंबर 0788-286-1212, 0788-286-1111 पर जानकारी और सुझाव साझा करें।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट में कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एक नई पहल शुरू की गई है। अब किसी विभाग की सुरक्षा व्यवस्था को उसी विभाग के अधिकारी ही नहीं, बल्कि दूसरे विभाग के CGM भी मौके पर जाकर देखेंगे। इसका मकसद ऐसी खामियों और संभावित खतरों को समय रहते पहचानना है, जो नियमित निरीक्षण के दौरान नजर से छूट जाते हैं।
इस पहल के तहत दूसरे विभागों के CGM को किसी भी विभाग में करीब डेढ़ से दो घंटे का निरीक्षण करना होगा। वे मौके पर जाकर कामकाज की सुरक्षा व्यवस्था, मशीनों, स्ट्रक्चर और अन्य संभावित जोखिम वाले स्थानों का बारीकी से जायजा लेंगे। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों और सुधार की संभावनाओं को नोट किया जाएगा।
निरीक्षण के बाद संबंधित CGM अपनी रिपोर्ट ED Works राकेश कुमार को सौंप रहे। इस व्यवस्था का उद्देश्य किसी विभाग की कमियां गिनाना नहीं, बल्कि दूसरी नजर से संभावित खतरे पहचानकर समय रहते उन्हें दूर करना है।
दूसरे विभाग के CGM की नजर से दिखेंगे छिपे खतरे
अपने विभाग में काम करने वाले अधिकारी रोजाना की गतिविधियों से परिचित होते हैं। ऐसे में कई बार सामान्य लगने वाली चीजें नियमित निरीक्षण में नजरअंदाज हो सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए दूसरे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी को निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई है।
बाहरी विभाग से आने वाले CGM को नॉर्मल ऑब्जर्वेशन के बजाय संभावित खतरे की पहचान पर विशेष ध्यान देना है। मौके पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ चर्चा कर यह भी समझने की कोशिश की जा रही है कि किसी काम को और सुरक्षित कैसे बनाया जा सकता है। खास बात यह है कि संबंधित विभाग इस पहल को सकारात्मक रूप से ले रहे हैं। दूसरे विभाग से आने वाले CGM के सुझावों पर आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं।
प्लेट मिल CGM ने BRM में पकड़ी खामी
इस पहल के दौरान प्लेट मिल के CGM ने BRM में निरीक्षण के दौरान कुछ खामियों की पहचान की। इसे सुधार के सुझाव के रूप में लेते हुए प्रबंधन की ओर से तत्काल कार्रवाई की गई। इस तरह के छोटे-छोटे सुधारों का सीधा उद्देश्य कार्यस्थल को और सुरक्षित बनाना तथा संभावित हादसों की आशंका को पहले ही खत्म करना है।
कई विभागों की हो रही समीक्षा
बीएसपी में यह निरीक्षण प्रक्रिया अलग-अलग विभागों में की जा रही है। प्लेट मिल, रेल मिल, यूनिवर्सल रेल मिल (URM), PBS, स्टील मेल्टिंग शॉप, सिंटरिंग प्लांट और ऑक्सीजन प्लांट समेत विभिन्न विभागों की सुरक्षा व्यवस्था को इस प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है।
इस पहल में केवल कमियां खोजने पर फोकस नहीं है, बल्कि सुधार के व्यावहारिक सुझाव और उनके क्रियान्वयन पर भी जोर दिया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के साथ मौके पर चर्चा कर समाधान तलाशने की कोशिश की जा रही है।
हादसा होने का इंतजार नहीं, पहले खतरा पहचानने पर जोर
बीएसपी की इस पहल का मूल उद्देश्य यही है कि किसी घटना के बाद कारण तलाशने के बजाय संभावित खतरे को घटना से पहले ही पहचान लिया जाए। दूसरे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी की नजर से निरीक्षण होने पर सेफ्टी व्यवस्था को एक नया दृष्टिकोण मिल रहा है।
बीएसपी प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें कार्यस्थल पर किसी संभावित खतरे या सुरक्षा संबंधी समस्या की जानकारी है, तो उसे प्रबंधन तक पहुंचाएं। इसके लिए बीएसपी की ओर से हेल्पलाइन नंबर 0788-286-1212, 0788-286-1111 भी उपलब्ध कराए गए हैं। कर्मचारी इन माध्यमों से अपनी जानकारी और सुझाव साझा कर सकते हैं। सुरक्षा केवल निरीक्षण की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। समय रहते एक छोटी-सी खामी की पहचान और उसका सुधार किसी बड़े हादसे को रोकने में अहम भूमिका निभा सकता है।
ये खबर भी पढ़ें: Breaking News: BSP कोक ओवन हादसे पर 2 GM पर गिरी गाज, पढ़ें क्या हुई कार्रवाई


