- दिनभर आपसी बातचीत, कविता पाठ, गीत-संगीत और मनोरंजन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम हुए।
सूचनाजी न्यूज, दुर्गापुर। पिछले वर्षों की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी INTUC से संबद्ध दुर्गापुर स्टील फैक्ट्री की हिंदुस्तान स्टील वर्क्स यूनियन द्वारा रविवार को “मिलन मेला” का आयोजन किया गया। इस पारिवारिक आयोजन में यूनियन के सदस्यों के साथ उनके परिजन और आमंत्रित अतिथि शामिल हुए।
यूनियन के जनरल सेक्रेटरी (कन्वीनर) रजत दीक्षित ने बताया कि इस्पातनगरी के ए-ज़ोन मेजर पार्क में आयोजित इस मिलन मेले में करीब 500 लोग मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि यूनियन के सदस्य सालभर अपने-अपने कार्यस्थलों पर व्यस्त रहते हैं और श्रमिक हितों के लिए संघर्ष में उनके परिवारों की अहम भूमिका होती है। इसी भावना के तहत हर साल एक दिन पूरे परिवार के साथ मिलन मेला आयोजित किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान दिनभर आपसी बातचीत, कविता पाठ, गीत-संगीत और मनोरंजन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम हुए। बच्चों और बड़ों के लिए कई तरह के खेल भी रखे गए। सभी प्रतिभागियों के लिए सामूहिक लंच की व्यवस्था की गई थी।
यूनियन सदस्यों ने कहा कि वे इस दिन का पूरे साल इंतजार करते हैं, क्योंकि इस अवसर पर सभी परिवार एक साथ मिलते हैं और खुशियों के साथ समय बिताते हैं।
विशेष रूप से आमंत्रित पत्रकार साथियों का स्वागत फूलों के गुलदस्ते और उपहारों के साथ किया गया। पूरे कार्यक्रम का संचालन यूनियन के एग्जीक्यूटिव प्रेसिडेंट परेशनाथ करमाकर ने किया।











