गुआ माइंस में SEFI की अधिकारियों संग अहम बैठक, सुविधाओं व पदोन्नति नीति पर हुई चर्चा। युवा अधिकारी स्व. दीपेंदु दास को श्रद्धांजलि।
- खदानों में अधिकारियों के लिए Fixed Tenure Posting, CGM एवं ED स्तर के अधिकारियों के लिए खनन क्षेत्र के अनुभव को प्राथमिकता तथा खदान अधिकारियों के लिए अलग Promotion Policy तैयार करने पर जोर।
- सेल प्रबंधन द्वारा निर्धारित 10,000 K उत्पादन लक्ष्य को हासिल करने में आ रही चुनौतियों और आवश्यक सहयोग पर भी विचार-विमर्श किया गया।
सूचनाजी न्यूज, गुआ। सेल के सेंट्रल माइंस एंड लॉजिस्टिक्स ऑर्गनाइजेशन (CMLO) के अंतर्गत गुआ लौह अयस्क खदान के क्लब परिसर में SEFI और गुआ माइंस के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत युवा अधिकारी स्व. दीपेंदु दास के असामयिक निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
बैठक में खदान अधिकारियों की मूलभूत सुविधाओं, कल्याण, प्रशासनिक व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं तथा खदान संचालन को प्रभावी बनाने से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही सेल प्रबंधन द्वारा निर्धारित 10,000 K उत्पादन लक्ष्य को हासिल करने में आ रही चुनौतियों और आवश्यक सहयोग पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में CMLO को पूर्णतः कार्यात्मक एवं स्वतंत्र इकाई के रूप में विकसित करने, वित्त एवं HR सहित आवश्यक विभागों की समुचित व्यवस्था तथा इसे प्रभावी प्रॉफिट सेंटर बनाने का प्रस्ताव रखा गया। विभिन्न खदानों में अधिकारियों के लिए Fixed Tenure Posting, CGM एवं ED स्तर के अधिकारियों के लिए खनन क्षेत्र के अनुभव को प्राथमिकता तथा खदान अधिकारियों के लिए अलग Promotion Policy तैयार करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
चिकित्सा रेफरल मामलों के त्वरित समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर मेडिकल बोर्ड गठित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। SEFI महासचिव संजय आर्या द्वारा स्व. दीपेंदु दास के पारिवारिक निवास कुल्टी जाकर उनकी पत्नी से मुलाकात करने तथा कंपनी की सुविधाओं की जानकारी देने की बात बैठक में कही गई।
परिवार द्वारा EFBS सुविधा के लिए दिया गया आवेदन प्रबंधन द्वारा स्वीकार कर लिया गया है। बैठक में SEFI अध्यक्ष नरेंद्र कुमार बंछोर, उपाध्यक्ष अजय कुमार पाण्डेय, गुआ माइंस के मुख्य महाप्रबंधक, सभी महाप्रबंधक एवं बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित रहे।
SEFI अध्यक्ष ने बताया कि खदान अधिकारियों से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर CMD के साथ पहले ही चर्चा की जा चुकी है, जिनमें नए गेटेड टाउनशिप की स्थापना तथा चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार एवं सुधार जैसे विषय प्रमुख हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि चर्चा किए गए सभी मुद्दों को SEFI की ओर से सेल के कॉरपोरेट कार्यालय के समक्ष प्रस्तुत कर उचित समाधान की मांग की जाएगी।








