Rourkela Steel Plant के 70 कर्मचारी-अधिकारी सम्मानित, पढ़ें वजह

70 employees and officers of Rourkela Steel Plant were awarded read the reason
  • यह पुरस्कार ‘सेल शाबाश अवार्ड योजना’ के तहत प्रदान किए गए।

सूचनाजी न्यूज, राउरकेला। Steel Authority of India Limited (सेल) की इकाई Rourkela Steel Plant के ब्लास्ट फर्नेस विभाग के 70 कर्मचारियों को ‘सेल शाबाश अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान समारोह ब्लास्ट फर्नेस-5 के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों सहित कुल 70 कर्मियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और समर्पित योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया।

यह पुरस्कार ‘सेल शाबाश अवार्ड योजना’ के तहत प्रदान किए गए, जिनमें अधिकारियों (एक्जीक्यूटिव्स) को भी शामिल किया गया। सम्मानित कर्मचारियों को परिचालन उत्कृष्टता, सुरक्षा मानकों के पालन, नवाचार और उत्पादन में उल्लेखनीय योगदान के लिए चयनित किया गया।

समारोह की अध्यक्षता सीजीएम (ब्लास्ट फर्नेस) सुमीत कुमार ने की। उन्होंने पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को सम्मानित करते हुए उनकी प्रतिबद्धता, कर्तव्यनिष्ठा और टीम भावना की सराहना की। इस अवसर पर ब्लास्ट फर्नेस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जीएम (ब्लास्ट फर्नेस-मैकेनिकल) एस. देब, जीएम (ब्लास्ट फर्नेस-इलेक्ट्रिकल) के. बी. प्रसाद, जीएम (ब्लास्ट फर्नेस-ऑपरेशन) एसके. शर्मा तथा जीएम (ब्लास्ट फर्नेस-ऑपरेशन) आरएस. कौशल उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में श्री कुमार ने कहा कि सुरक्षा के क्षेत्र में नवाचारी पहल और सक्रिय कार्यप्रणाली ही ब्लास्ट फर्नेस संचालन में उच्च उत्पादकता तथा बेहतर टेक्नो-इकोनॉमिक मानकों को हासिल करने की आधारशिला है। उन्होंने कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी समर्पण और उत्साह के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का समन्वय डीजीएम (ब्लास्ट फर्नेस-ऑपरेशन) बीबीके. बेहरा ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।