कंपनी में सिर्फ कंपनी की ही पॉलिसी लागू होनी चाहिए न कि कुछ अधिकारी वर्ग की निजी पॉलिसी। यूनियन के गंभीर आरोप हैं।
- पत्र की प्रतिलिपि अधिशासी निदेशक एचआर सेल कारपोरेट कार्यालय को भी भेजा ।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल (Steel Authority of India Limited-SAIL) के भिलाई स्टील प्लांट (Bhilai Steel Plamnt) में म्युचुअल ट्रांसफर आवेदनों को मंजूरी देने में भेदभाव का आरोप लगाया गया है। बीएसपी अनाधिशासी कर्मचारी संघ ने अधिशासी निदेशक एचआर को पत्र लिखकर म्युचुअल ट्रांसफर आवेदनो के मंजूरी पर विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों द्वारा लगाए जा रहे रोक पर संज्ञान लेने की मांग किया है।
अपने पत्र में यूनियन ने लिखा है कि सेल कारपोरेट कार्यालय (SAIL Corporate Office) द्वारा म्युचुअल ट्रांसफर सहित अनुकंपा आधार पर एक यूनिट से दूसरे यूनिट में ट्रांसफर के लिए स्पष्ट गाईडलाइन जारी किया गया है। इसके बावजूद भिलाई इस्पात संयंत्र के कई विभागाध्यक्षों द्वारा इच्छुक कर्मचारियों के आवेदनों को अग्रसारित नहीं किया जा रहा है। कई विभागाध्यक्षों ने उसका मौखिक कारण बताया है कि उनके विभाग से मैनपावर रिलीज करने के बदले मानव संसाधन विभाग द्वारा दूसरा मैनपावर नहीं दिया जाता है।
इसलिए विभाग के मैनपावर को बनाए रखने के लिए इच्छुक कार्मिकों के आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। यूनियन का आरोप है कि कंपनी द्वारा जारी पॉलिसी की जगह कुछ अधिकारीगण अपनी निजी पॉलिसी को लागू करने का प्रयास कर रहे है। साथ ही मानव संसाधन विभाग की भी लापरवाही है कि म्युचुअल ट्रांसफर के कारण विभागों मे कम हुए मैनपावर की जगह दूसरे इस्पात संयंत्रो से आए हुए अतिरिक्त मैनपावर का ट्रांसफर नहीं किया जाता है।
मानव संसाधन विभाग तथा कुछ विभागों में प्रभावी सूचना तंत्र विकसित नहीं होने का खामियाजा, म्युचुअल ट्रांसफर के इच्छुक कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। अपने पत्र के माध्यम से यूनियन ने माँग किया है कि म्युचुअल ट्रांसफर मे हो रहे गतिरोध पर संज्ञान लेकर निवारण करें।
बीएकेएस भिलाई के महासचिव अभिषेक सिंह ने कहा-कंपनी में सिर्फ कंपनी की ही पॉलिसी लागू होनी चाहिए न कि कुछ अधिकारी वर्ग की निजी पॉलिसी। म्युचुअल ट्रांसफर में छोड़े गए कर्मचारी के बदले दूसरे यूनिट से कर्मचारी मिलते हैं। परंतु एचआर विभाग तथा संबंधित विभाग के बीच ऊचित कम्युनिकेशन नहीं होने के कारण वह परेशानी आ रही है।


