BIG NEWS: सेल भिलाई स्टील प्लांट-बीएसपी के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते चयन पूरा कर लें।
- सीटू ने कहा-यूनियन की पहल रंग लाई, यूनियन की मांग पर प्रबंधन का सकारात्मक निर्णय।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल बीएसपी कार्मिकों के लिए खास खबर है। पर्क्स चयन पोर्टल को दोबारा खोल दिया गया है। एनजेसीएस सदस्य वंश बहादुर सिंह के मुताबिक 20 जुलाई तक प्रबंधन ने खोल दिया है। बहुत से कार्मिक परेशान हो रहे थे, अब राहत मिलेगी। वहीं, हिन्दुस्तान स्टील एम्पलाइज यूनियन (सीटू), भिलाई द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के हित में पर्क्स (Perks) चयन पोर्टल को पुनः खोलने की मांग उठाई गई थी।
इसी संबंध में 2 जुलाई 2026 को महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन), भिलाई इस्पात संयंत्र को सीटू ने ज्ञापन सौंपा गया। चर्चा के दौरान प्रबंधन ने इस मांग पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया था। यूनियन ने कहा-यह बताते हुए प्रसन्नता है कि उस आश्वासन के अनुरूप अब 4 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक पर्क्स चयन पोर्टल पुनः खोल दिया गया है।
कर्मचारियों एवं अधिकारियों के हित में महत्वपूर्ण पहल
यूनियन ने अपने पत्र में स्पष्ट किया था कि अनेक कर्मचारी एवं अधिकारी जानकारी के अभाव, पर्याप्त मार्गदर्शन नहीं मिलने अथवा समय-सीमा के भीतर आवेदन नहीं कर पाने के कारण पर्क्स का सही चयन नहीं कर सके थे। इसके परिणामस्वरूप उन्हें आयकर में उपलब्ध वैधानिक छूट का पूरा लाभ नहीं मिल रहा था और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। यूनियन की इस मांग का उद्देश्य सभी साथियों को एक समान अवसर उपलब्ध कराना था ताकि कोई भी कर्मचारी या अधिकारी केवल जानकारी के अभाव में नुकसान का शिकार न हो।
ये खबर भी पढ़ें: BSP स्क्रैप चोरी Files 3: ठेका कंपनी हमेशा के लिए होगी बैन, लोहा चोरों को बड़ा मैसेज
सोच-समझकर करें पर्क्स का चयन
सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों से सीटू का आग्रह है कि इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं। पर्क्स का चयन जल्दबाजी में न करें। अपने वेतन ढांचे, आयकर देयता, पारिवारिक आवश्यकताओं तथा भविष्य की वित्तीय योजना को ध्यान में रखते हुए ही विकल्प चुनें। यदि किसी बिंदु पर संशय हो तो संबंधित विभाग, अनुभवी साथियों अथवा विषय की जानकारी रखने वाले अधिकारियों कर्मचारियों से सलाह लेकर ही अंतिम चयन करें। एक बार सही निर्णय लेने से पूरे वित्तीय वर्ष में उसका लाभ प्राप्त होगा।
कर्मचारियों की आवाज़ को मिली सफलता
महासचिव टी. जोगा राव का कहना है कि यह निर्णय इस बात का प्रमाण है कि कर्मचारियों एवं अधिकारियों के वास्तविक हितों से जुड़े मुद्दों को यदि तथ्यपूर्ण और सकारात्मक तरीके से प्रबंधन के समक्ष रखा जाए तो कई बार उसका समाधान बातचीत के माध्यम से ही संभव है। सीटू सभी साथियों द्वारा दिए गए सुझावों एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त करती है तथा प्रबंधन का भी धन्यवाद करती है कि उसने कर्मचारियों के हित में संवेदनशीलता दिखाते हुए इस महत्वपूर्ण मांग को स्वीकार किया।
समय-सीमा का पूरा लाभ उठाएं
पर्क्स चयन पोर्टल केवल 4 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक खुला रहेगा। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते चयन पूरा कर लें। यह अवसर प्रत्येक साथी के आर्थिक हित और आयकर बचत से जुड़ा हुआ है। सीटू ने अपील किया है कि वे सही जानकारी प्राप्त कर विवेकपूर्ण निर्णय लें तथा इस विशेष अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं।

