रामनगर मुक्तिधाम में हजारों की भीड़। अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे लोग।
- सेक्टर 2 स्थित आवास से मुक्तिधाम तक शोक का माहौल रहा।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। पांच बार के पार्षद वशिष्ठ नारायण मिश्र पंचतत्व में विलीन हो गए। अंतिम यात्रा में विधायक, महापौर, कांग्रेस, भाजपा के दिग्गज नेताओं समेत शहर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। भावुक पल में हर कोई गमगीन रहा। घर से मुक्तिधाम तक शोक का माहौल रहा। हर किसी की ज़ुबां पर स्व. वशिष्ठ नारायण मिश्र द्वारा किए गए कार्यों का जिक्र था। कोई गुजरी बातें सुनाता रहा तो किसी ने मस्ती की बातों को साझा किया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रामनगर मुक्तिधाम पहुंचे। भिलाई नगर निगम के पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि वशिष्ठ नारायण के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

हंस-मुख मिजाज वशिष्ठ नारायण को आखिरी सलामी देने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ी। सेक्टर 2 स्थित आवास से दोपहर 12 बजे शव यात्रा निकाली गई। सुबह 10 बजे से ही चाहने वालों का तांता घर पर लगना शुरू हो गया था।
विधायक देवेंद्र यादव, महापौर नीरज पाल, रिसाली की महापौर शशि सिन्हा, श्रीराम जन्मोत्सव समिति के अध्यक्ष मनीष पांडेय, पार्षद पीयूष मिश्र, छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज, पूर्व मेयर नीता लोधी, इंद्रजीत सिंह छोटू, प्रभुनाथ मिश्रा, केके झा, अशोक गुप्ता आदि ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

भिलाई स्टील प्लांट के ट्रेड यूनियन नेता और आफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। सेल बीएसपी कर्मचारियों और उनके परिवार के लिए हमेशा तत्पर रहने वाले स्व. वशिष्ठ नारायण मिश्र की अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ गवाही दे रही थी कि पूर्व पार्षद को लोग कितना चाहते हैं। मुक्तिधाम में हर तरफ लोग ही नज़र आ रहे थे।

वहीं, सोशल मीडिया पर अपने चहेते नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए लोग पोस्ट कर रहे थे। भिलाई के वरिष्ठ एवं लोकप्रिय जनप्रतिनिधि तथा लगातार पाँच बार पार्षद रहे वशिष्ठ नारायण मिश्रा के आकस्मिक निधन के समाचार को लोग अत्यंत पीड़ादायक बता रहे।

लोग पोस्ट में लिख रहे हैं कि जनसेवा के क्षेत्र में उनका समर्पण, सरल व्यवहार और आमजन के साथ उनका आत्मीय जुड़ाव सदैव स्मरण किया जाएगा। उनके निधन से भिलाई ने एक अनुभवी, समर्पित एवं लोकप्रिय जनसेवक को खो दिया है। उनके योगदान और सेवाभाव की स्मृतियाँ सदैव हमारे बीच जीवित रहेंगी।

ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार एवं शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय, रायपुर के सांसद बृज मोहन अग्रवाल, सांसद दुर्ग विजय बघेल आदि ने शोक व्यक्त किए।

