- बीएकेएस के बैनर तले बालाजी ब्लड बैंक, सुपेला के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। बीएसपी अनाधिशासी कर्मचारी संघ (बीएकेएस) भिलाई की वार्षिक आमसभा 15 फरवरी को आयोजित की जाएगी। यह आमसभा प्रातः 11:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक इंजीनियर्स भवन, एमपी हॉल, इंदिरा प्लेस, सिविक सेंटर, भिलाई में संपन्न होगी। दोपहर 1:00 बजे से भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
सभा के दौरान वर्ष 2024-25 की वार्षिक गतिविधियों और आर्थिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही आगामी वर्ष की कार्ययोजनाओं, यूनियन द्वारा किए गए प्रमुख कार्यों तथा ट्रेड यूनियन में आवश्यक सुधारों पर विस्तार से चर्चा होगी। उपस्थित सदस्यों से सुझाव भी आमंत्रित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं वर्किंग कमेटी सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह रहेगा। आमसभा में अध्यक्ष अमर सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर कुमार, उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह, महासचिव किशोर कुमार साव, उपमहासचिव नवीन ध्रुव, सचिव अजय रत्न, कोषाध्यक्ष नवीन कुमार मिश्रा, उपकोषाध्यक्ष टिकेंद्र पटेल सहित पूरी कार्यकारिणी उपस्थित रहेगी।
सभा में बीएकेएस बोकारो के अध्यक्ष हरिओम, महासचिव दिलीप कुमार तथा आरएकेएस राउरकेला के अध्यक्ष सुधीर कुमार श्रीवास्तव और महासचिव अभिजीत प्रजापति भी विशेष रूप से शामिल होंगे।
चर्चा के प्रमुख विषयों में बीएसपी कर्मचारियों की समस्याएं, विभिन्न मुद्दे, बीएसपी व सेल प्रबंधन का रवैया, इस्पात मंत्रालय की भूमिका तथा विभिन्न यूनियनों द्वारा लड़े जा रहे मुकदमों की प्रगति शामिल रहेगी।
इस अवसर पर बीएकेएस के बैनर तले बालाजी ब्लड बैंक, सुपेला के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
महासचिव किशोर कुमार साव ने कहा कि बीएकेएस कर्मचारियों द्वारा गठित एक लोकतांत्रिक यूनियन है, जो निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा संचालित होती है। उन्होंने दावा किया कि कम समय में ही यूनियन ने बीएसपी/सेल प्रबंधन और सरकार को कर्मचारियों की आवाज की ताकत का एहसास कराया है। उन्होंने सभी बीएसपी कर्मचारियों से आमसभा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।











