- पहले यूनिट स्तर पर सेवा मिलती थी। अब भिलाई से ही सारा काम होगा। 31 मार्च तक रोडमैप बनाने का आदेश।
- सेल के डायरेक्टर पर्सनल केके सिंह ने बीएसपी के डायरेक्टर इंचार्ज सीआर महापात्रा को निर्देशित किया।
- SAIL में वेतन व पेरोल व्यवस्था को लेकर बड़ी नई व्यवस्था, CPRS होगा और मजबूत।
- SAIL के हजारों कर्मचारियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।
- भिलाई स्टील प्लांट ही सभी प्लांट का वेतन भुगतान, छुट्टी का नकदीकरण, परफॉर्मेंस रिलेटेड पे (PRP) भुगतान आदि CPRS से प्रोसेस होते हैं।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) में वेतन एवं पेरोल प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। SAIL के अंतर्गत संचालित Centralized Payroll System (CPRS) को अपग्रेड कर इसे कंपनी स्तर पर एकीकृत एवं केंद्रीय प्रणाली के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है।
CPRS को और विकसित करते हुए इसमें Final Settlement, Provident Fund (PF) Employees Family Benefit Scheme (EFBS) जैसी सुविधाओं को शामिल किया जाएगा, जो अभी विभिन्न संयंत्रों में अलग-अलग प्रणालियों के माध्यम से संचालित हो रही हैं। इससे सभी वेतन व भुगतान संबंधी गतिविधियां एक ही केंद्रीय मंच से संचालित होंगी।
इसका यह मतलब है कि राउरकेला, बोकारो, बर्नपुर, अलाय, दुर्गापुर, सेलम, विश्वेश्वरैया, चंद्रपुर, सीएमओ, कारपोरेट आफिस, खदान आदि के कर्मचारियों और अधिकारियों को मिलने वाली सेवा का संचालन भिलाई स्टील प्लांट से ही होगा।
डायरेक्टर पर्सनल केके सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार, SAIL के सभी संयंत्रों एवं इकाइयों में लागू होने वाली प्रस्तावित Human Capital Management (HCM) प्रणाली के तहत अलग से पेरोल मॉड्यूल लागू करने की आवश्यकता नहीं होगी।
वर्षों से भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में संचालित CPRS को एक मजबूत और विश्वसनीय इन-हाउस सिस्टम माना गया है, जो कंपनी की पेरोल संबंधी जरूरतों को प्रभावी ढंग से पूरा कर रहा है। 31 मार्च तक रोडमैप बनाकर काम तेजी से शुरू किया जाएगा।
3-4 माह में पूरा होगा अपग्रेडेशन
आदेश में कहा गया है कि CPRS के अपग्रेडेशन की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से 3 से 4 महीनों के भीतर पूरा किया जाएगा। यह कार्य SAIL में केंद्रीय HCM सिस्टम के “डिज़ाइन डॉक्यूमेंट” चरण के दौरान ही किया जाना है।
BSP C&IT, फाइनेंस, एचआर की अहम भूमिका
इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए BSP के C&IT विभाग से एक विशेष टीम गठित कर उसे अन्य संयंत्रों के साथ समन्वय में कार्य करने का निर्देश दिया गया है। फाइनलेंस और एचआर डिपार्टमेंट के कार्मिकों को साथ लेकर काम किया जा रहा है। यह टीम ED (HR), BSP के मार्गदर्शन में कार्य करेगी और परियोजना को 31 मार्च 2026 तक प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
कर्मचारियों को मिलेगा सीधा लाभ
केंद्रीय CPRS व्यवस्था लागू होने से न केवल दोहराव खत्म होगा, बल्कि वेतन से जुड़े निर्णयों में एकरूपता, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। इससे SAIL के हजारों कर्मचारियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।
सेंट्रलाइज्ड पेरोल सिस्टम (CPRS)
पिछले कुछ सालों से भिलाई स्टील प्लांट ही वेतन से संबंधित कई गतिविधियाँ जैसे वेतन का भुगतान, छुट्टी का नकदीकरण, परफॉर्मेंस रिलेटेड पे (PRP) भुगतान आदि CPRS के माध्यम से सफलतापूर्वक प्रोसेस किए जा रहे हैं। इसी के साथ ही पेंशन और अन्य सुविधा को जोड़ने की लंबे समय से कवायद चल रही थी। अब मूर्तरूप दिया जा रहा है।
डायरेक्टर पर्सनल केके सिंह की ओर से डीआइसी सीआर महापात्रा को लिखे गए पत्र को साझा करते हुए सीटू नेताओं ने कहा-आने वाली दिक्कतों का अध्ययन किया जा रहा है। इस संबंध में प्रबंधन से चर्चा की जाएगी।











