कोल इंडिया लिमिटेड: 2025 में कर्मचारियों को 1 लाख 3 हजार रुपए बोनस मिला था। जबकि, 2020 में 68 हजार 500 रुपए खाते में आया था।
- एटक के रमेंद्र कुमार , एचएमएस के हरभजन सिंह सिद्धू, बीएमएस के के. लक्ष्मा रेड्डी और सीटू के डीडी रामनंदन बैठक में शामिल थे।
सूचनाजी न्यूज, कोलकाता। टाटा, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) में बोनस राशि तय होने के बाद अब कोल इंडिया में बोनस तय कर दिया गया है। कोल इंडिया लिमिटेड के करीब 2 लाख कर्मचारियों का बोनस तय करने के लिए कोलकाता में अहम बैठक हुई। कोल इंडिया के कोलकाता स्थित कोल भवन में एपेक्स जेसीसी के ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों की बैठक में अंतिम मुहर लगाया गया। बोनस की राशि तय कराने में यूनियन नेताओं के पसीने छूट गए। प्रबंधन का प्रस्ताव ₹1.08 लाख था, जबकि यूनियन नेताओं ने 1 लाख 20 हजार रुपए की मांग की। काफी देर तक माथापच्ची के बाद प्रबंधन ने 1 लाख 9 हजार 500 रुपए का प्रस्ताव दिया। इससे आगे बढ़ने को तैयार नहीं था। सुबह 11 बजे से मीटिंग शुरू हुई, जो समाचार लिखे जाने तक चलती रही। अंत में 1 लाख 10 हजार 250 रुपए बोनस तय हो गया है। पिछली बार की बढोत्तरी से राशि कम हो गई है। मैनपॉवर कम और प्रोडक्शन बढ़ने के आंकड़े से राशि अधिक होनी थी। इस बात से कइयों को मायूसी हाथ लगी है।
बोनस बैठक में एपेक्स जेसीसी से सीटू के डीडी रामनंदन, एचएमएस के हरभजन सिंह सिद्धू, एटक के रमेंद्र कुमार और बीएमएस के के. लक्ष्मा रेड्डी शामिल हुए। सीआइएल से चेयरमैन, निदेशक (एचआर)/निदेशक (मार्केटिंग), निदेशक (वित्त) और कार्यकारी निदेशक (वित्त) आदि शामिल रहे। कोल इंडिया कर्मचारियों का बोनस तय करने के लिए शनिवार सुबह 11 बजे से बैठक शुरू हुई। कंपनी के परफॉर्मेंस आदि पर प्रेजेंटेशन दिए गए। यूनियन नेताओं ने अलग से भी आपस में बैठक करके रणनीति तय की थी। सबका एकमत था कि बोनस की राशि बढ़ाकर ही लिया जाएगा।
बता दें कि साल 2025 में कर्मचारियों को 1 लाख 3 हजार रुपए बोनस मिला था। जबकि, 2020 में 68 हजार 500 रुपए खाते में आया था। कंपनी का शुद्ध लाभ 2025-26 में तकरीबन 31,071 करोड़ था। त्योहार से पहले बोनस तय करने के लिए कर्मचारियों का प्रबंधन पर दबाव था। दूसरी ओर सेल कर्मचारियों का बोनस इस बार 32 हजार रुपए और ट्रेनीज का 25 हजार 800 रुपए तय किया गया है। जल्द ही राशि कर्मचारियों के खाते में डाल दी जाएगी।
