- सैंड पिट विशेष रूप से आपातकालीन परिस्थितियों में टॉरपीडो लैडल को सुरक्षित रूप से खाली करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। सेल बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा परिचालन सुरक्षा एवं आपातकालीन तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ब्लास्ट फर्नेस 5 के समीप एक सैंड पिट का निर्माण किया गया है।
इस नवनिर्मित सैंड पिट का उद्घाटन निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन द्वारा किया गया। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनुप कुमार दत्त सहित मुख्य महाप्रबंधक, अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
यह सैंड पिट विशेष रूप से आपातकालीन परिस्थितियों में टॉरपीडो लैडल को सुरक्षित रूप से खाली करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। साथ ही, स्टील मेल्टिंग शॉप द्वारा हॉट मेटल के कम ऑफटेक की स्थिति में भी यह व्यवस्था अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी, जिससे ब्लास्ट फर्नेस के संचालन में निरंतरता, संतुलन एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
सैंड पिट के निर्माण हेतु चयनित क्षेत्र, जो पूर्व में झाड़ियों, मलबे एवं स्क्रैप से आच्छादित था, को सुनियोजित ढंग से साफ कर व्यवस्थित रूप से विकसित किया गया। इस कार्य में बीएसएल के एमआरडी, सीएमएम-ओजी तथा सीबीआरएस विभागों द्वारा उपलब्ध कराए गए लोडर एवं डंपरों का प्रभावी उपयोग किया गया।
इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन में महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) एस. के. महांता, महाप्रबंधक (ब्लास्टफर्नेस) श्याम सुंदर, महाप्रबंधक (एमआरडी) राजेश कुमार तथा सहायक महाप्रबंधक(सीएमएम–कैपिटल रिपेयर) वेंकटेश्वर कुमार का विशेष योगदान रहा। यह पहल संयंत्र की परिचालन दक्षता, प्रभावी जोखिम प्रबंधन तथा उच्च स्तरीय सुरक्षा मानकों के प्रति उसकी दृढ़ प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।












