SAIL BSL: बोकारो स्टील प्लांट में सेल शाबाश स्कीम, 163 कर्मचारी घर ले गए गिफ्ट, पत्नी-बच्चे बने गवाह

SAIL BSL SAIL Shabash Scheme at Bokaro Steel Plant, Gifts to 163 Employees
  • कार्यस्थल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन, निष्ठा एवं समर्पण का परिचय देने वाले कर्मचारियों को पहचान और प्रोत्साहित किया जा रहा।

सूचनाजी न्यूज, बोकारो। सेल बोकारो स्टील प्लांट के मानव संसाधन विभाग द्वारा बोकारो क्लब के सिनेमा एरीना में “सेल शाबाश योजना” के चयनित कर्मचारियों के सम्मान में एक समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में निदेशक प्रभारी, बोकारो स्टील प्लांट प्रिय रंजन उपस्थित रहे। उनके साथ इस अवसर पर अधिशासी निदेशक सहित विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात महाप्रबंधक (मानव संसाधन) प्रांजलि ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए “सेल शाबाश योजना” की रूपरेखा, उद्देश्य तथा इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने कहा कि “सेल शाबाश योजना” सेल की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य कार्यस्थल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन, निष्ठा एवं समर्पण का परिचय देने वाले कर्मचारियों को पहचान और प्रोत्साहन प्रदान करना है।

यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों का मूल्यांकन करता है, बल्कि संगठनात्मक लक्ष्यों की प्राप्ति में उनके महत्वपूर्ण योगदान तथा अनुकरणीय कार्य संस्कृति को भी रेखांकित करता है. उन्होंने सभी पुरस्कृत कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर कुल 163 कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह न केवल कर्मचारियों के लिए गर्व का विषय रहा, बल्कि उनके परिजनों के लिए भी एक भावनात्मक एवं हर्ष का क्षण बना, जिन्होंने अपने प्रियजनों की उपलब्धियों को प्रत्यक्ष रूप से साझा किया. कार्यक्रम का संचालन सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन) डॉ. नंदा प्रियदर्शनी तथा धन्यवाद ज्ञापन उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) माला रानी द्वारा किया गया।