SAIL Salem Steel Plant की अनूठी पहल: देश का पहला ‘प्लास्टिक वेल्डिंग’ कोर्स शुरू, ईडी आरके बिसारे ने दी सौगात

unique Initiative of SAIL Salem Steel Plant Indias first Plastic Welding Course Launched
  • यह पहल न केवल युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से लैस करेगी, बल्कि राज्य और देश के औद्योगिक विकास को भी नई गति देगी।
  • उद्घाटन सेलम स्टील प्लांट के कार्यपालक निदेशक आर. के. बिसारे ने किया।

कौशल की कमी को दूर करना, बेरोजगार युवाओं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं को अवसर।
सूचनाजी न्यूज, सेलम। सेल के Salem Steel Plant (एसएसपी) ने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के अंतर्गत भारत का पहला ‘प्लास्टिक वेल्डिंग’ स्किल डेवलपमेंट कोर्स शुरू कर एक नई मिसाल कायम की है। यह पहल कौशल विकास और सतत आजीविका सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

यह कार्यक्रम भारत सरकार के स्किल डेवलपमेंट मिशन और राष्ट्रीय विनिर्माण विकास लक्ष्यों के अनुरूप तैयार किया गया है। ईडी आरके बिसारे ने उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य प्लास्टिक वेल्डिंग जैसे उभरते तकनीकी क्षेत्र में कौशल की कमी को दूर करना तथा बेरोजगार युवाओं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देना है।

प्लास्टिक वेल्डिंग तकनीक का उपयोग आज बुनियादी ढांचा, जल प्रबंधन, निर्माण, ऑटोमोबाइल, रसायन उद्योग और पर्यावरण अभियांत्रिकी जैसे कई क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। इसके बावजूद इस विशेष तकनीकी क्षेत्र में संरचित और प्रमाणित प्रशिक्षण की सुविधा अब तक सीमित रही है।

सेलम स्टील प्लांट की इस पहल से सेलम जिले और तमिलनाडु के युवाओं को विशेष तकनीकी दक्षता प्राप्त होगी, जिससे उनकी रोजगार संभावनाएं राष्ट्रीय स्तर के उद्योगों में बढ़ेंगी। यह कार्यक्रम सामुदायिक विकास, कौशल सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्लांट की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

‘प्लास्टिक वेल्डिंग’ कौशल विकास पाठ्यक्रम का शुभारंभ 23 फरवरी 2026 को सेलम स्थित Government Polytechnic College, Vanavasi में किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम TN Apex Skill Development Centre for Automobile (TN AUTOSKILLS), Tamil Nadu Skill Development Corporation तथा सेलम जिला कौशल प्रशिक्षण कार्यालय के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्घाटन सेलम स्टील प्लांट के कार्यपालक निदेशक आर. के. बिसारे ने किया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (मिल्स एंड सर्विसेज) शैलेन्द्र कुमार, महाप्रबंधक प्रभारी (एचआर) मानस रथ, महाप्रबंधक (जीए, पीआर एवं सीएसआर) के. नागराजन, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एम. वरथागुरु, जिला सहायक संचालक (कौशल प्रशिक्षण) बी. चंद्रा, जिला कौशल अधिकारी उषा नंदिनी सी., लीस्टर की मार्केटिंग प्रमुख लक्ष्मी प्रिया तथा टीएन ऑटोस्किल्स के सीएसआर प्रोजेक्ट प्रमुख शिनु थॉमस सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

यह पहल न केवल युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से लैस करेगी, बल्कि राज्य और देश के औद्योगिक विकास को भी नई गति देगी।