Young Managers Simulation: सेल-बोकारो की टीम बनी राष्ट्रीय विजेता, सीनियर मैनेजर राहुल और ओवैस अहमद ने किया कमाल

SAIL Bokaro Team Became the National Champion in the Championship 2026
  • अखिल भारतीय प्रबंधन संघ (एआईएमए) के द्वारा ‘यंग मैनेजर्स सिमुलेशन’ (YMS) नेशनल चैंपियनशिप 2026 में सेल-बोकारो का जलवा।

सूचनाजी न्यूज, बोकारो। अखिल भारतीय प्रबंधन संघ (एआईएमए) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘यंग मैनेजर्स सिमुलेशन’ (YMS) नेशनल चैंपियनशिप 2026 में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल), बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) की दो सदस्यीय टीम ने राष्ट्रीय खिताब जीतकर संस्थान का गौरव बढ़ाया है।

इस विजेता टीम में वरीय प्रबंधक (एचएसएम) राहुल रंजन पांडा और वरीय प्रबंधक (सीएमएम-सीटीएस) मो. ओवैस अहमद शामिल थे, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर सेल-बीएसएल का प्रतिनिधित्व किया।

इस प्रतियोगिता के ऑनलाइन प्रारंभिक दौर में देश भर से 50 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबले के बाद कुल 13 टीमें 25 फरवरी 2026 को आयोजित नेशनल फाइनल्स में पहुँचीं, जिनमें सेल की चार टीमें शामिल थीं।

फाइनल में अपनी उत्कृष्ट रणनीतिक सूझबूझ और टीम वर्क का परिचय देते हुए बीएसएल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के दौरान बीएसएल ने एनटीपीसी लिमिटेड, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), लार्सन एंड टुब्रो (एल&टी) और एनएलसी इंडिया लिमिटेड जैसे दिग्गज औद्योगिक संस्थानों को पीछे छोड़कर यह मुकाम हासिल किया।  प्रतियोगिता में एनटीपीसी लिमिटेड दूसरे और एनएलसी इंडिया लिमिटेड तीसरे स्थान पर रही।

विजेता टीम को उप महाप्रबंधक (एचएसएम) राहुल सिंह द्वारा तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया गया था। यह चैंपियनशिप एक गहन बिजनेस सिमुलेशन प्रारूप के माध्यम से प्रतिभागियों की रणनीतिक सोच, वित्तीय निर्णय लेने की क्षमता और नेतृत्व कौशल का कड़ा मूल्यांकन करती है. बीएसएल की यह शानदार जीत संस्थान में प्रबंधन कौशल के उच्च मानकों और भविष्य के नेतृत्व कर्ताओं की व्यावसायिक निपुणता को प्रमाणित करती है।

बीएसएल निरंतर अपने युवा अधिकारियों के कौशल विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करने के प्रति संकल्पित है। ऐसी उपलब्धियाँ न केवल संयंत्र के नाम को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करती हैं, बल्कि अन्य कर्मियों को भी उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करती हैं।