- 1 करोड़ 78 लाख 67 हजार 520 रूपये जलकर बकाया है, स्मृतिनगर सोसायटी का।
- 2008 में हुए अनुबंध के अनुसार 792 मकान धारियों का ही जलकर का गणना से किया गया है।
- लगभग 400 से अधिक मकानों में भी नल कनेक्शन लिया जा चुका है।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के जोन क्रमांक 1 नेहरू नगर में स्थित स्मृति नगर गृह निर्माण संस्था पर 1 करोड़ 78 लाख 67 हजार 520 रुपए जलकर बकाया है। 22 मार्च 2025 की स्थिति में नगर निगम भिलाई का जलकर बकाया है।
इसका नोटिस संस्था को दिया जा चुका है। स्मृति नगर सोसायटी में निवासरत नागरिकों द्वारा बताया गया है कि उनसे प्रतिमाह सोसायटी द्वारा जलकर की राशि नियमानुसार लिया जा रहा है। लेकिन नगर निगम भिलाई के खाते में जमा नहीं किया जा रहा है, इससे हम लोग बहुत दुखी है।
इसकी शिकायत स्थानीय पार्षद मुकेश कुमार अग्रवाल एवं नागरिकों द्वारा लिखित रूप से निगम भिलाई को की गई है। संस्था द्वारा लोगों के बीच में भ्रम फैलाया गया कि जलकर के संबंध में उच्च न्यायालय में केश चल रहा है। हमे स्टे मिला हुआ है, जबकि ऐसा कुछ नहीं है।
ये खबर भी पढ़ें: Bhilai Big News: एक मुश्त संपत्तिकर जमा करने पर 6.25% छूट, वरना 18% सरचार्ज
आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर स्मृति नगर सोसायटी के निवासियों के मकानों का सर्वे कराया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 1268 मकान निर्मित है, जिसमें आवास, आवास सह व्यवसाय एवं व्यवसाय के रूप में काबिज है।
इसमें से सन 2008 में हुए अनुबंध के अनुसार 792 मकान धारियों का ही जलकर का गणना से किया गया है। इसमें लगभग 400 से अधिक मकानों में भी नल कनेक्शन लिया जा चुका है। अभी वर्तमान में जलकर की राशि और वृद्वि होगी।
राज्य सरकार के प्रकाशित राजपत्र के अनुसार आवासीय मकान में जलकर 200 रूपये प्रतिमाह, आवास सह व्यवसाय में 350 रूपये, व्यवसाय में 800 रूपये एवं जो परिवार संपत्तिकर के दायरे में नही आते है, उनसे 60 रूपये प्रतिमाह लेने का प्रावधान है।
जलकर वसूली विभाग के सहायक राजस्व अधिकारी धीरज साहू का कहना है कि संस्था को दो नोटिस देकर 12.03.2025 एवं 22.03.2025 का तामिल करवाया गया है। संस्था द्वारा नोटिस जारी होने के 2 वर्ष पूर्व 30 लाख रूपये निगम कोष में जमा कराया गया था। अभी वहां पर और मकान निर्माणाधीन है। वास्तविक गणना होगा तो राशि लगभग 3.00 करोड़ से उपर जाएगी।
ये खबर भी पढ़ें: Operation Sindoor: तिरंगा थामे सड़क पर निकल पड़े सीएम साय संग मंत्री-विधायक, सांसद
सोसायटी के निवासियों द्वारा सोसायटी की गतिविधियों के संबंध में कई बार जिला एवं निगम प्रशासन को शिकायत की गई कि सोसायटी द्वारा हम लोगों से बहुत सारा अधिभार लिया जा रहा है। पार्को में लगे हरे-भरे पड़ो को भी काट दिया जा रहा है, जिससे यहां की आब-ओ-हवा एवं सुंदरता प्रभावित हो रही है।
सोसायटी के उपर भूखण्डो के खसरा नबंर में भी छेड़-छाड़ करने का भी आरोप लगाया जा रहा है। जिसका शासकीय राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन किया जा रहा है। सोसायटी के निवासियों का मांग है कि स्मृति नगर सोसायटी को नगर निगम भिलाई अपने अधिपत्य में ले-ले। निर्धारित जलकर राशि समय अवधि में नहीं जमा करने पर निगम द्वारा वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। मानवीय दृष्टिकोण रखते हुए निगम द्वारा पानी सप्लाई को नहीं रोकी जा रही है।