बोकारो इस्पात संयंत्र के दौरे पर सेल सीएमडी डॉ. एके पंडा, उत्पादकता, लाभप्रदत्ता, सुरक्षा सहित अन्य पहलुओं की समीक्षा।
- आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उत्पादन, वित्तीय प्रदर्शन, सुरक्षा एवं अन्य पहलुओं की प्रगति की समीक्षा की।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। महारत्न स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार पंडा राउरकेला से सीधे बोकारो पहुंचे। अपने बोकारो प्रवास के दौरान बोकारो इस्पात संयंत्र के परिचालन, उत्पादकता, वित्तीय प्रदर्शन तथा परियोजनाओं की समीक्षा की। बोकारो निवास पहुंचने पर बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने उनका स्वागत किया तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
अपने दौरे के दौरान डॉ. पंडा ने सर्वप्रथम बोकारो निवास में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उत्पादन, वित्तीय प्रदर्शन, सुरक्षा एवं अन्य पहलुओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन, अधिशासी निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
समीक्षा बैठक के दौरान डॉ. पंडा ने कहा कि बोकारो इस्पात संयंत्र में और भी बेहतर प्रदर्शन करने की अपार संभावनाएं हैं तथा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपकरणों की समुचित देख-रेख, गुणवत्ता में सतत सुधार एवं प्रोडक्ट बास्केट में मूल्य संवर्धित उत्पादों के अधिकाधिक समावेश से नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बोकारो इस्पात संयंत्र सामूहिक प्रयास, नवाचार, उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति तथा निरंतर प्रगति की भावना के बल पर भविष्य में नई उपलब्धियां हासिल करेगा और सेल की विकास यात्रा को और मजबूती प्रदान करता रहेगा।

