माइंस क्षेत्र में पदस्थ कर्मचारियों को भिलाई या भिलाई-3 स्थित परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए टूर की सुविधा मिलेगी।
- CBT परीक्षा से पहले सेल प्रबंधन का बड़ा आदेश। कर्मचारी से अधिकारी बनने वाले अभ्यर्थियों के लिए जारी हुई विशेष गाइडलाइन।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में कर्मचारी से अधिकारी बनने की परीक्षा रविवार को है। जूनियर मैनेजर (JM-2026) बनने की प्रक्रिया के तहत 5 जुलाई 2026 को होने वाली कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) परीक्षा से पहले महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने परीक्षा देने वाले कर्मचारियों की उपस्थिति (Attendance) और टूर (Tour) से संबंधित नियम स्पष्ट कर दिए हैं।
प्रबंधन के अनुसार CBT परीक्षा रविवार, 5 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे से आयोजित होगी। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 11:30 बजे तक रिपोर्ट करना होगा। भिलाई संयंत्र और माइंस में कार्यरत कर्मचारी भिलाई एवं भिलाई-3 स्थित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे।
शिफ्ट के अनुसार मिलेगी उपस्थिति की सुविधा
सर्कुलर में अलग-अलग शिफ्ट के कर्मचारियों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। जिन कर्मचारियों का 5 जुलाई को साप्ताहिक अवकाश (Weekly Off) है, उन्हें न तो उपस्थिति मिलेगी और न ही कोई प्रतिपूरक अवकाश (C-Off)।
जिनकी ‘ए’ या ‘जी’ शिफ्ट है, यदि वे CBT में शामिल होते हैं तो उन्हें उपस्थिति दी जाएगी और उस दिन ड्यूटी पर आने की आवश्यकता नहीं होगी।
भिलाई में कार्यरत ‘बी’ शिफ्ट के कर्मचारियों को परीक्षा के बाद ड्यूटी करनी होगी, हालांकि उन्हें शाम 5:30 बजे तक विलंब से रिपोर्ट करने की अनुमति रहेगी।
ये खबर भी पढ़ें: BSP स्क्रैप चोरी Files 3: ठेका कंपनी हमेशा के लिए होगी बैन, लोहा चोरों को बड़ा मैसेज
माइंस में कार्यरत ‘बी’ शिफ्ट के कर्मचारियों को परीक्षा में शामिल होने पर उपस्थिति मिलेगी और उन्हें उस दिन ड्यूटी नहीं करनी होगी।
जिन कर्मचारियों की 4 जुलाई को ‘सी’ शिफ्ट है, उन्हें ड्यूटी पर नहीं आना होगा। यदि वे 5 जुलाई को CBT में शामिल होते हैं तो 4 जुलाई की सी-शिफ्ट की उपस्थिति भी उन्हें प्रदान की जाएगी।
वहीं 5 जुलाई की ‘सी’ शिफ्ट वाले कर्मचारियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी करनी होगी।
टूर की भी मिलेगी सुविधा
प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि माइंस क्षेत्र में पदस्थ कर्मचारियों को भिलाई या भिलाई-3 स्थित परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए नियमानुसार टूर की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा भिलाई और माइंस के अलावा अन्य स्थानों, जैसे रेजिडेंट ऑफिस में पदस्थ ऐसे कर्मचारियों को भी परीक्षा केंद्र तक टूर की अनुमति दी जाएगी, जहां CBT केंद्र उपलब्ध नहीं है।

